Baba Khatushyam Ji : सीकर जिले के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व इस बार भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मंदिर परिसर और खाटू की गलियों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा श्याम का दरबार विशेष रूप से वृंदावन से आए फूलों से सजाया गया है, जिसकी मनमोहक छटा और खुशबू ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आज रात 10 बजे मंदिर के पट बंद होंगे और ठीक 12 बजे दोबारा खुलेंगे। जन्माष्टमी पर बाबा श्याम को पंचामृत, माखन-मिश्री और मावे का भोग अर्पित किया जाएगा। भक्तों को धनिया पंजीरी, पंचामृत और माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया जाएगा। साथ ही खाटू क्षेत्र के 60-70 मंदिरों में भी प्रसाद भेजा जाएगा, जो आपसी आस्था और एकता का प्रतीक है।
जन्मोत्सव पर शंखनाद और घंटियों की होगी गूंज
रात को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर शंखनाद और घंटियों की गूंज के बीच महाआरती होगी। इस अवसर पर भजन गायक कन्हैया मित्तल समेत कई प्रसिद्ध कलाकार भजन संध्या में प्रस्तुति देंगे। वहीं, रंग-बिरंगी आतिशबाजी से खाटूधाम का आकाश जगमगा उठेगा। इस बार भीड़ नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए वीडियो दर्शन और वीआईपी/ वीवीआईपी दर्शन की व्यवस्था पूरी तरह से बंद कर दी गई है। केवल सरकारी प्रोटोकॉल सूची में शामिल व्यक्तियों को ही निर्धारित प्रक्रिया से दर्शन की अनुमति होगी।
ये भी पढ़ें- Gopal Mandir Janmashtami: दुनिया का सबसे भव्य शृंगार, 100 करोड़ के गहनों से ऐसे सजे राधा-गोपाल; देखें तस्वीरें
फूलों से सजा बाबा का दरबार
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और भक्तों से धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है। अनुमान है कि जन्माष्टमी पर करीब 2 लाख से अधिक श्रद्धालु खाटूधाम पहुंचेंगे। फूलों से सजे बाबा श्याम का यह श्रृंगार इस बार जन्माष्टमी का मुख्य आकर्षण बन गया है, जिसे देखने और आशीर्वाद लेने के लिए दूर-दराज से भक्त खाटूधाम पहुंचे हैं।
ये भी पढ़ें- Krishna Janmashtami Live: देशभर में जन्माष्टमी की धूम, भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग क्यों लगाया जाता है ?