Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   churu-zila-pramukh-election-congress-defeat-despite-majority-bjp-kanika-singh-wins

चूरू में बहुमत के बावजूद कांग्रेस की करारी हार: भाजपा की कनिका सिंह ने पांच वोटों से जीतीं; ये चर्चा तेज

Wed, 25 Nov 2026 07:59 PM IST
सीकर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चूरू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चूरू Published by: सीकर ब्यूरो Updated Wed, 25 Nov 2026 07:59 PM IST
सार

राजस्थान के चूरू जिला प्रमुख चुनाव में बहुमत के बावजूद कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। 21 सदस्य होने के बाद भी कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश बुडानिया को सिर्फ 17 वोट मिले, जबकि भाजपा की कनिका सिंह ने 22 वोट हासिल कर पांच मतों से जीत दर्ज की।

विज्ञापन
churu-zila-pramukh-election-congress-defeat-despite-majority-bjp-kanika-singh-wins
कनिका सिंह बनीं जिला प्रमुख। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जिला प्रमुख चुनाव में चूरू की राजनीति में ऐसा उलटफेर हुआ, जिसने सभी चुनावी समीकरणों को ध्वस्त कर दिया। जिला परिषद में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह ने कांग्रेस की प्रकाश बुडानिया को पांच मतों से पराजित कर जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया। कनिका सिंह को 22 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 17 मतों से संतोष करना पड़ा।
विज्ञापन


बहुमत का दावा धरा रह गया
चूरू जिला परिषद में कुल 39 सदस्य हैं। हालिया चुनाव में कांग्रेस ने 21 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था। भाजपा के पास 17 सदस्य थे, जबकि एक सीट सीपीआईएम के खाते में गई थी। चुनाव से पहले संख्या बल के आधार पर कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही थी, लेकिन मतदान के नतीजों ने तस्वीर पूरी तरह बदल दी।
विज्ञापन


कांग्रेस के 21 सदस्यों के बावजूद पार्टी प्रत्याशी को सिर्फ 17 वोट मिले। वहीं भाजपा को अपने 17 सदस्यों से पांच ज्यादा वोट हासिल हुए। परिणाम से कांग्रेस खेमे में क्रॉस वोटिंग की आशंका को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि गुप्त मतदान के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सकेगा कि किस सदस्य ने किस प्रत्याशी को वोट दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


राजेंद्र राठौड़ की राजनीतिक रणनीति फिर चर्चा में
इस चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की भूमिका भी चर्चा का विषय बन गई है। भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह उनकी पुत्रवधू हैं। चूरू की राजनीति में राजेंद्र राठौड़ को ‘काका’ के नाम से जाना जाता है। दूसरी ओर सांसद राहुल कस्वां कांग्रेस खेमे के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे।

चुनाव परिणाम को भाजपा समर्थक राजेंद्र राठौड़ की रणनीति और राजनीतिक प्रबंधन की सफलता के रूप में देख रहे हैं। बहुमत के बावजूद कांग्रेस की हार ने जिले में दोनों राजनीतिक खेमों के बीच चल रही खींचतान को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

राहुल कस्वां ने जताया था एकजुटता का भरोसा
मतदान से पहले कांग्रेस नेता राहुल कस्वां ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस के निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों की सामूहिक तस्वीर साझा कर एकजुटता का संदेश दिया था। पार्टी को उम्मीद थी कि 21 सदस्यों के समर्थन से जिला प्रमुख का पद आसानी से हासिल कर लिया जाएगा। लेकिन नतीजे आने के बाद कांग्रेस का पूरा गणित बिगड़ गया।

पहले भी देखने को मिल चुका है ऐसा उलटफेर
चूरू की राजनीति में बहुमत के बावजूद सत्ता हाथ से निकलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में भी कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या बल होने के बावजूद भाजपा ने बाजी मार ली थी। उस समय भी राजेंद्र राठौड़ की राजनीतिक रणनीति की खूब चर्चा हुई थी।


ये भी पढ़ें- राजस्थान: पंचायत चुनाव में झटके के बाद भाजपा का दिल्ली में मंथन, मदन राठौड़ समेत पूरी टीम तलब

कांग्रेस के लिए आत्ममंथन का विषय
कनिका सिंह की जीत से भाजपा ने जिला परिषद की सत्ता अपने नाम कर ली है। दूसरी तरफ कांग्रेस के लिए यह परिणाम बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। पार्टी के 21 सदस्यों में से आखिर चार वोट कम कैसे रह गए, यह अब सबसे बड़ा सवाल बन गया है। गुप्त मतदान के चलते सदस्यों की पहचान सामने नहीं आएगी, लेकिन इस नतीजे ने चूरू की राजनीति में नई बहस जरूर छेड़ दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed