लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शनिवार को एक दिवसीय कोटा जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने कई कार्यक्रमों में भाग लिया। बिरला ने सांगोद विधानसभा क्षेत्र के बपावर कला गांव में पहुंचकर लाडली बहनों से राखी बंधवाई। वहीं, रेलवे के जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी बिरला ने भाग लिया। इस दौरान स्पीकर बिरला के साथ ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर भी मौजूद रहे।
स्पीकर बिरला के सांगोद विधानसभा क्षेत्र में पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। बपावर कला कस्बे में दाखिल होते ही फूल मालाओं से उनका स्वागत किया गया, जिसके बाद बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर खुली जीप में बैठकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। जहां पर उनका इंतजार कर रही सांगोद विधानसभा क्षेत्र की सैकड़ों लाडली बहनों ने स्पीकर बिरला और ऊर्जा मंत्री को राखी बांधी। इस दौरान बिरला ने सभी बहनों को उपहार के साथ आशीर्वाद भी दिया।
यह भी पढ़ें- Nagaur News: मंत्री के सामने भिड़े कांग्रेस विधायक और पूर्व भाजपा विधायक, मंच पर तू-तू मैं-मैं का वीडियो वायरल
कार्यक्रम में स्पीकर बिरला ने कहा कि आज के दौर में नारियां देश के विकास और देश की सुरक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान निभा रही हैं। आज हर फील्ड के अंदर महिलाएं बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रही हैं। चाहे वह आर्मी हो, चिकित्सा विभाग हों या अन्य विभाग, आम जनता की सेवा करने में भी आज की नारियां पीछे नहीं है। रक्षाबंधन का पर्व आने वाला है, हम सभी भाइयों का कर्तव्य बनता है कि अपनी बहनों की रक्षा करें, उनके दुखों को दूर करें। जो राखियां बहनें हम भाइयों की कलाइयों पर बांधती हैं, वो राखी नहीं होती वह रक्षा सूत्र होता है। हमारा कर्तव्य है कि बहनें जो हमसे वचन लेती हैं, वह हम निभाएं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को राखी बांधने वीरांगना मधुबाला मीणा भी पहुंची और सबसे पहले उन्होंने दोनों को राखी बांधकर उनका आशीर्वाद लिया। मधुबाला मीणा ने कहा कि वह पिछले छह साल से दोनों को राखी बांध रही हैं। मधुबाला के पति हेमराज मीणा सीआरपीएफ में जवान थे, जो कि आतंकवादियों द्वारा किए गए पुलवामा हमले में शहीद हो गए थे।
यह भी पढ़ें- Chittorgarh: फर्जी डिग्री वितरण को लेकर मेवाड़ यूनिवर्सिटी के खिलाफ ABVP का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग