शहर के सांगानेर थाना क्षेत्र स्थित चंदलाई की मारुति कॉलोनी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने 67 वर्षीय बुजुर्ग पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपी ने पिता को लगातार थप्पड़, लात और घूंसे मारे। मारपीट के दौरान बुजुर्ग सीढ़ियों पर गिर पड़े, लेकिन इसके बावजूद आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह घायल पिता को हाथ पकड़कर घसीटते हुए कमरे तक ले गया। घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। पूरी वारदात का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आरोपी के खिलाफ भारी नाराजगी है।
पीड़ित आनंदी लाल उच्चेनिया, जो बीएसएनएल से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका बड़ा बेटा धनपत उच्चेनिया चंदलाई गांव में रहता है, जबकि छोटा बेटा मधुसूदन उनके साथ रहता है। 19 जून की रात करीब 8 बजे मधुसूदन घर पहुंचा और किसी घरेलू विवाद को लेकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर किराएदार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: मुहर्रम पर नंगी तलवारों से खेला गया 'हाईदौस', 900 साल पुरानी परंपरा के साथ इमाम हुसैन को याद किया
पीड़ित की बेटी सुनैना ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन वह अपने पिता के साथ सांगानेर थाने पहुंची थीं, लेकिन पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज नहीं किया। पहले सिर्फ शिकायत लेकर अगले दिन आने को कहा गया। अगले दिन भी बड़े अधिकारी के आने का हवाला देकर उन्हें वापस भेज दिया गया। आखिरकार 21 जून को पीड़ित अपने बेटियों के साथ फिर थाने पहुंचे, तब जाकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। वहीं सांगानेर थाना पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में उसे अदालत से जमानत मिल गई। पुलिस के अनुसार मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पिता-पुत्र एक ही घर में रहते हैं और घरेलू विवाद के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। पीड़ित के चार बेटियां और दो बेटे हैं। परिवार के अनुसार उनका छोटा बेटा मानसिक रूप से कमजोर है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।