उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया और सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
डीजीपी ने बताया कि सिंहस्थ 2028 के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में है। करीब 750 करोड़ रुपये के पुलिस हाउसिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों की डीपीआर पहले ही मंजूर हो चुकी है और काम तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज जैसे बड़े आयोजनों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
विशेष ट्रेनिंग शिविर शुरू
सिंहस्थ के दौरान हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती को देखते हुए उज्जैन में ‘ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह तीन सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण शिविर है, जिसमें मास्टर ट्रेनर्स तैयार किए जाएंगे, जो आगे जिलों में पुलिस बल को प्रशिक्षित करेंगे।
ट्रेनिंग की खास बातें
- इन-हाउस लेक्चर के जरिए प्रशिक्षण
- सीनियर और रिटायर्ड अधिकारियों का मार्गदर्शन
- फील्ड विजिट के जरिए प्रैक्टिकल अनुभव
- सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और व्यवहार कौशल पर फोकस
ये भी पढ़ें- पानी भरे गड्ढे में मिला मछली विक्रेता का शव, इलाके में मचा हड़कंप; पोस्टमार्टम से परिजनों ने किया इनकार
पुलिस बल में भर्ती प्रक्रिया जारी
डीजीपी ने बताया कि पुलिस बल में रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है। पिछले वर्ष 7500 कांस्टेबल्स की भर्ती हुई थी और इस वर्ष भी उतनी ही भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। सिंहस्थ से पहले उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उज्जैन दौरे के दौरान डीजीपी कैलाश मकवाना ने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन भी किए। दर्शन के बाद वे भोपाल के लिए रवाना हो गए।