शहडोल जिले की कोयला खदानों में संचालित भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। धनपुरी थाना क्षेत्र की अमलाई ओसीएम खदान में SECL से अनुबंधित कंपनी RKTC का एक हाइवा अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और हाइवा जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद खदान परिसर में चल रहे भारी वाहनों की फिटनेस और तकनीकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
कुछ ही देर में राख हो गया पूरा वाहन
जानकारी के अनुसार, घटना अमलाई ओसीएम कोयला खदान परिसर की है। यहां हाइवा में अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने के कारण चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
ये भी पढ़ें- पचमढ़ी में मौत बनकर झपटा बंदर, बैग बचाने की कोशिश में खाई में गिरे नागपुर के टूर लीडर; मौके पर मौत
कंपनी के दूसरे वाहनों की सुरक्षा पर भी सवाल
जला हुआ हाइवा RKTC कंपनी का बताया जा रहा है, जिसका SECL के साथ खनन कार्य को लेकर अनुबंध है। घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि कंपनी के खदानों में संचालित अन्य भारी वाहनों की फिटनेस और तकनीकी जांच नियमित रूप से हो रही है या नहीं। क्या सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा और परमिट वैध हैं? क्या इलेक्ट्रिकल वायरिंग, इंजन और अन्य तकनीकी उपकरणों की समय-समय पर जांच कराई जाती है?
जांच के दायरे में आनी चाहिए सुरक्षा व्यवस्था
एक हाइवा में आग लगने की घटना को सामान्य हादसा मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। चालक की जान बच गई, लेकिन खदान परिसर में ऐसी घटना दोबारा हुई तो आसपास काम कर रहे कर्मचारियों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है। ऐसे में SECL प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को घटना के कारणों की जांच के साथ RKTC के अन्य वाहनों की फिटनेस, बीमा, पंजीयन और तकनीकी सुरक्षा की भी पड़ताल करनी चाहिए।