सागर। शहर के मछरियाई क्षेत्र में सरकारी शराब दुकान से शराब खरीदकर पीने के कुछ ही देर बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि उसके साथी की हालत गंभीर हो गई। जहरीली या मिलावटी शराब की आशंका के चलते प्रशासन और आबकारी विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित शराब दुकान को सील कर दिया है।
डीसीआर कंपनी की शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों ने मछरियाई स्थित सरकारी शराब दुकान से डीसीआर (DCR) कंपनी की शराब खरीदी थी। दुकान के बाहर ही शराब पीने के कुछ देर बाद दोनों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका उपचार जारी है।
पढ़ें: अपने ही थाना क्षेत्र में पुलिस कमिश्नर के जनसंवाद से नदारद रहे टीआई, डीसीपी ने किया निलंबित
आबकारी विभाग ने शराब के सैंपल जब्त किए
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित शराब दुकान को सील कर दिया। शराब की गुणवत्ता की जांच के लिए दुकान से सैंपल एकत्र किए गए हैं। इन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि शराब में किसी तरह की मिलावट या जहरीले पदार्थ की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत जहरीली या मिलावटी शराब पीने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक शराब पीने का आदी था। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शराब के सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।