रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम सेमलखेड़ी के समीप खेत में एक लापता युवक का शव और उसके पास ही एक अन्य मानव कंकाल मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। कंकाल के पास लापता किशोरी के कपड़े मिले हैं। हालांकि कंकाल किसका है यह पता नहीं चल पाया, लेकिन माना जा रहा है कि कंकाल किशोरी का होगा। पुलिस कंकाल का डीएनए करा रही है ताकि पता चल सके कि कंकाल किशोरी का है या किसी और का। वहीं युवक की पहचान 19 वर्षीय सुखराम गणावा निवासी ग्राम सेमलखेड़ी के रूप में हुई। युवक के गले में गमछे से बंधा फांसी का फंदा लगा हुआ था और घटना स्थल पर जहर की डिब्बी भी मिली है। माना जा रहा है कि दोनों ने प्रेम-प्रसंग के चलते अपनी जान दी होगी? गांववालों की मानें तो युवक का शव फंदे पर लटका होने से बच गया, वहीं दूसरे शव को जानवरों ने खा लिया होगा, इसलिए उसका कंकाल बचा है। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कह सकेगी।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर ग्राम सेमलखेड़ी निवासी कुसुम पति शंकर गणावा खेत पर घास काटने गई थी। तभी उन्हें खेत के पास एक स्थान से बदबू आई। वे पास पहुंची तो वहां युवक का शव पड़ा हुआ था। उसने अन्य ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके बाद शाम करीब छह बजे पुलिस को सूचना दी गई। बारिश होने के चलते पुलिस रात करीब साढ़े आठ बजे मौके पर पहुंची। मौके पर युवक का शव पड़ा हुआ था और उसके गले में गमछे का फंदा बंधा हुआ था। गमछे का एक हिस्सा पेड़ पर बंधा हुआ था। इससे माना जा रहा है कि युवक फांसी के फंदे पर लटका होगा और गमछा टूटने से उसका शव नीचे गिर गया होगा। वहीं युवक के शव से कुछ दूरी पर एक अन्य मानव कंकाल व लेडिस कपड़े पड़े थे।
मौके पर पहुंचे युवक के परिजन ने मृतक युवक के शव की पहचान 19 वर्षीय सुखराम पिता रमेश गणावा निवासी ग्राम सेमलखेड़ी के रूप में की। इसी बीच लापता करीब 16 वर्षीय एक किशोरी के परिजन भी मौके पर पहुंचे उन्हें कंकाल के पास मिले लेडिस कपड़ों से कंकाल किशोरी का होने की बात कही। पुलिस ने युवक का शव व कंकाल पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। सोमवार दोपहर सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल, रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गड़रिया आदि ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल ने बताया कि दो डेड बाडी मिली है, एक युवक व एक महिला की है। युवक की पहचान हो चुकी है। दोनों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रथमदृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग का लगता है, मामले की जांच की जा रही है।
31 अगस्त से थी किशोरी लापता
कंकाल जिस किशोरी का का माना जा रहा है, वह 31 अगस्त 2026 से लापता थी। युवक भी कुछ दिन से लापता था। लापता किशोरी व युवक एक-दूसरे से प्रेम करते थे। युवक के परिजन ने बताया कि युवक व किशोरी के लापतात होने के बाद किशोरी के परिजन नाराज थे और समझौते के लिए उन्होंने 80 हजार रुपये लिए थे। रुपये लेने के बाद भी किशोरी को तलाश कर लाने के लिए दबाव बना रहे थे। पुलिस के अनुसार लापता किशोरी के परिजन ने एक सितंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी और युवक पर किशोरी को ले जाने की शंका जाहिर की थी। युवक की पहचान हो गई है, लेकिन कंकाल की पहचान नहीं हुई है। कंकाल किशोरी का माना जा रहा है, डीएनए रिपोर्ट पर पता चलेगा कि कंकाल किशोरी का है या नहीं।
मेडिकल कॉलेज में दोनों पक्ष झगड़े, पथराव, गांव में पुलिस बल तैनात
सोमवार को युवक व लापता किशोरी के परिजन व बड़ी संख्या उनके रिश्तेदार व अन्य लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोपहर में पोस्टमार्टम के दौरान दोनों पक्षों के लोग आपस में झगड़ लिए। इस दौरान पत्थरबाजी भी की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर झगड़ा खत्म कराया। पत्थर लगने से युवक के काका शंकर गणावा का सिर फट गया और खून बहने लगा। वहीं पत्थर लगने से युवके बड़े भाई राहुल गणावा व दूसरे काका रामचंद्र को भी चोट आई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर युवक का शव उसके परिजन को सौंप दिया। पुलिस की बल के साथ मेडिकल कॉलेज के पीछे वाले रास्ते से युवक का शव उसके गांव ले जाया गया। युवक के भाई, काका व अन्य रिश्तेदार लोडिंग वाहन से जा रहे थे लेकिन वाहन उस रास्ते से नहीं निकल पाया। वे दूसरे से जाने लगे तो किशोरी के परिजन व रिश्तेदारों ने रास्ते में उनके वाहन पर पत्थर फेंके तथा आगे नहीं आने दिया गया। वे वापस मेडिकल कॉलेज स्थित पुलिस चौकी पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। कुछ समय बाद उन्हें भी पुलिस बल के साथ गांव भेजा गया। झंगड़े की आशंका व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

मृतक युवक