नर्मदापुरम-पिपरिया-सांडिया मार्ग पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। स्विफ्ट डिजायर और ऑल्टो कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में शोभापुर निवासी शिवम पिता प्रमोद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद ऑल्टो कार में आग लग गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए दौड़े और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।
इसी दौरान क्षेत्रीय विधायक ठाकुरदास नागवंशी सांडिया में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इसी मार्ग से गुजर रहे थे। सड़क पर दुर्घटना का भयावह मंजर देखकर उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।
पढ़ें: बारिश में टपकने लगी स्कूल की छत, बंद करनी पड़ी कक्षाएं; ग्रामीण ने बच्चों के लिए दिया घर
विधायक ने अपनी गाड़ी से पानी की बोतलें निकलवाईं और जलती हुई कार की आग बुझाने में लोगों की मदद की। इसके बाद उन्होंने घायलों को अपनी निजी गाड़ी से पिपरिया के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। उनकी तत्परता से घायलों को समय पर उपचार मिल सका।
हादसे में घायल होने वालों में पूजा पति राहुल निवासी घाटपिपरिया, नमामि पिता राहुल निवासी घाटपिपरिया, अजय पिता मनोज निवासी तालाखेड़ा, निक्की निवासी अमीरगंज, हर्ष पिता विपिन निवासी कटनी, मिस्टी पिता राहुल निवासी घाटपिपरिया और निखिल पिता अशोक यादव निवासी कटनी शामिल हैं।
शासकीय अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।