मुरैना। लगातार हो रही बारिश ने मुरैना जिले में हालात बिगाड़ दिए हैं। कुंवारी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से अम्बाह तहसील के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदी के उफान और चारों ओर भरे पानी के बीच कई ग्रामीण फंस गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने मोर्चा संभाला।
अम्बाह क्षेत्र के झिन्ना के पुरा में बाढ़ के पानी से घिरे 40 ग्रामीणों का रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू टीमों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। वहीं, मुरैना जिले की अम्बाह तहसील के ग्राम मड़ैया में भी कुंवारी नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण हालात गंभीर हो गए। यहां पानी के बीच फंसे 31 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया।
पढे़ं: बेटे को पीठ पर बांधकर टमस नदी पार कर रही थी मां, गहरे पानी में डूबे दोनों, मासूम की मौत; मां आईसीयू में
दोनों स्थानों पर चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में कुल 71 ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। समय रहते प्रशासन की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।कुंवारी नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। संवेदनशील गांवों में प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए टीमें तैयार रखी गई हैं।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाएं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें और अफवाहों से बचते हुए प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।फिलहाल कुंवारी नदी का जलस्तर प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है और लगातार बारिश होने की स्थिति में प्रभावित इलाकों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।