कान्हा टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक खूबसूरती एक बार फिर बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान को अपनी ओर खींच लाई। अभिनेत्री कान्हा नेशनल पार्क पहुंचीं, जहां उन्होंने जंगल सफारी का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने जंगल के खूबसूरत नजारों को अपने कैमरे में कैद किया। अब उनकी सफारी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कान्हा टाइगर रिजर्व एक बार फिर चर्चा में है।
अभिनेत्री सोनल चौहान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जंगल सफारी की तस्वीरें साझा की हैं। इसके साथ उन्होंने ‘वीकेंड विद टाइगर्स’ कैप्शन लिखा है। तस्वीरों में वह सफारी जीप में बैठकर जंगल की सैर करती नजर आ रही हैं। वहीं, एक अन्य तस्वीर में वह कैमरे के जरिए जंगल के खूबसूरत नजारों को कैद करती दिखाई दे रही हैं। उनकी इन तस्वीरों में कान्हा के प्राकृतिक सौंदर्य की झलक देखने को मिल रही है।
पढे़ं: उज्जैन में सांदीपनि लोक की जमीन पर घमासान, आसाराम आश्रम ने अधिग्रहण के खिलाफ खोला मोर्चा
गौरतलब है कि मंडला और बालाघाट जिलों में फैला कान्हा टाइगर रिजर्व देश के प्रमुख वन पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां के घने जंगल, विशाल घास के मैदान, बाघ और दुर्लभ बारहसिंगा पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं। वन्यजीवों और प्राकृतिक वातावरण का अनुभव लेने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।
बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान ने वर्ष 2008 में अभिनेता इमरान हाशमी के साथ फिल्म ‘जन्नत’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। इस फिल्म में जोया माथुर के किरदार से उन्हें खास पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तेलुगु फिल्मों में भी काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई।
सोनल चौहान की कान्हा सफारी की तस्वीरों ने एक बार फिर इस राष्ट्रीय उद्यान की खूबसूरती को सुर्खियों में ला दिया है। उनकी सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कान्हा टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीव पर्यटन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।