कटनी जिले से दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दिनदहाड़े बीच सड़क एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई। पहले एक पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी काउंटर FIR दर्ज कर ली गई। अब वायरल वीडियो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, पूरी घटना कटनी जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र के झिंझरी चौकी अंतर्गत ग्राम गनियारी की है। जानकारी के अनुसार, विक्रम नाम का युवक प्रेमलाल बर्मन की किराना दुकान पर सामान खरीदने पहुंचा था। आरोप है कि उधारी में सामान देने से इनकार करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान गुस्से में विक्रम ने दुकान में बैठे आकाश बर्मन को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद प्रेमलाल बर्मन अपने बेटे आशीष बर्मन, भाई विजय बर्मन और भतीजे विशाल बर्मन के साथ विक्रम का पीछा करते हुए उसे बीच सड़क पर रोक लिया। इसके बाद चारों ने लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। सड़क पर मौजूद लोगों के सामने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जबकि कई लोग तमाशबीन बने रहे। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ये भी पढ़ें- ऑनर किलिंग: बॉयकट हेयर और बाहर नौकरी करने से नाराज पिता ने बेटी का गला दबाकर मार डाला, चाचा भी बना आरोपी
शुरुआत में झिंझरी पुलिस ने प्रेमलाल बर्मन की शिकायत पर विक्रम और मोनू तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। लेकिन जैसे ही मारपीट का वीडियो वायरल हुआ और विक्रम ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रेमलाल बर्मन, आकाश बर्मन, विजय बर्मन और विशाल बर्मन के खिलाफ भी मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में काउंटर FIR दर्ज कर ली। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो को जांच का अहम साक्ष्य मानते हुए पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।