जिले के लमतरा इंडस्ट्रियल एरिया में दिनदहाड़े ट्रक से डीजल चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने पाण्डेय इंडस्ट्रीज के मुख्य गेट के सामने खड़े ट्रक को निशाना बनाया और पाइप व डिब्बों की मदद से टंकी से डीजल निकालने लगे। चौकीदार ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से धमकाते हुए जान से मारने की धमकी दी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायत के बाद कुठला पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्लांट नंबर-76 की है। पाण्डेय इंडस्ट्रीज के मुख्य गेट के सामने सुबह करीब 6 बजे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और ट्रक की टंकी से डीजल निकालना शुरू कर दिया। आरोपियों ने डीजल निकालने के लिए पाइप और डिब्बों का इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि वे काफी देर तक बेखौफ होकर ट्रक से डीजल निकालते रहे। इसी दौरान वहां मौजूद चौकीदार की नजर बदमाशों पर पड़ गई। उसने चोरी रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने लाठी-डंडे लेकर उसे धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार बदमाशों ने चौकीदार को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद चौकीदार पीछे हट गया और आरोपी डीजल लेकर मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: जबलपुर: पहले मुनाफा देकर भरोसा जीता, फिर लगाई 37 लाख की चपत, टेलीग्राम के जरिये चला साइबर ठगी का खेल
डीजल चोरी की पूरी घटना पाण्डेय इंडस्ट्रीज के मुख्य गेट पर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में बदमाश ट्रक के पास खड़े होकर पाइप और डिब्बों की मदद से डीजल निकालते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। इसके अलावा आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि उनके आने-जाने के रास्ते और पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।
लमतरा इंडस्ट्रियल एरिया निवासी शिव कुमार शर्मा की शिकायत पर कुठला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के इलाके में पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद लमतरा इंडस्ट्रियल एरिया में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।