आलीराजपुर के कठ्ठीवाड़ा में नारायण पेट्रोल पंप पर सोमवार रात कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों के होश फाख्ता हो गए। एक तेंदुए ने अचानक यहां पहुंचकर कर्मचारियों को सकते में डाल दिया। कुछ पल के लिए पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। आंखों के सामने तेंदुए को देखकर चारों कर्मचारी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थान की ओर भागे।
सीसीटीवी में कैद हुई रात की हलचल
घटना कठ्ठीवाड़ा के थाना फाटक स्थित नारायण पेट्रोल पंप की है। सोमवार रात पंप पर कर्मचारी अपनी नियमित ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेंदुआ परिसर में पहुंच गया। रात के अंधेरे में तेंदुए की मौजूदगी से कर्मचारी घबरा गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। मंगलवार सुबह फुटेज सामने आने के बाद तेंदुए की चहलकदमी चर्चा का विषय बन गई।
ये भी पढ़ें: भोपाल: एमपी में जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियां तेज, आदिवासियों को राशन में दाल देने पर विचार करेगी सरकार
गौरतलब है कि कठ्ठीवाड़ा का क्षेत्र जंगल और पहाड़ियों से घिरा हुआ है। यहां वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन पेट्रोल पंप जैसे सार्वजनिक स्थान पर तेंदुए का पहुंचना कई सवाल खड़े करता है। खासकर रात में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों और वहां आने-जाने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
एक चूक पड़ सकती है भारी
तेंदुए की इस अप्रत्याशित दस्तक ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था की जरूरत को फिर सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से लगे इलाकों में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ लोगों को सतर्क करने की व्यवस्था होनी चाहिए। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है लेकिन सीसीटीवी में कैद यह तस्वीर लोगों के लिए सतर्क रहने का संदेश जरूर दे रही है।