{"_id":"6a9e81900ad3de6ea70dbbbc","slug":"video-nh-company-case-farmer-leaders-himachal-kisan-sabha-bhupendra-singh-dharampur-mandi-2026-09-07","type":"video","status":"publish","title_hn":"मंडी: एनएच कंपनी के बजाय किसान सभा नेताओं पर केस दर्ज, भड़के भूपेंद्र सिंह","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मंडी: एनएच कंपनी के बजाय किसान सभा नेताओं पर केस दर्ज, भड़के भूपेंद्र सिंह
राष्ट्रीय राजमार्ग-003 के निर्माण से पिछले चार वर्षों से लोगों को पेश आ रही समस्याओं के विरोध में प्रदर्शन करने वाले हिमाचल किसान सभा के आठ नेताओं के खिलाफ सरकाघाट पुलिस ने एनएच एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सोमवार को मामले की पहली सुनवाई सरकाघाट कोर्ट नंबर-1 में हुई। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 20-20 हजार रुपये के मुचलके पर रिहा कर दिया। मामले की अगली सुनवाई तीन नवंबर को होगी।
मामले में किसान सभा के खंड संयोजक एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह के अलावा रणताज राणा, मेहर चंद गारला, पूर्ण चंद पराशर, अमृत लाल, दिनेश काकू, ब्रह्मदास शर्मा और रमेश चंद को नामजद किया गया है।
कंपनी पर कार्रवाई न होने का आरोप
भूपेंद्र सिंह ने पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि एनएच निर्माण कंपनी के खिलाफ लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई करने के बजाय आंदोलन करने वाले किसान सभा नेताओं पर ही केस दर्ज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कंपनी के खिलाफ सरकाघाट और धर्मपुर थानों में शिकायतें दी गई थीं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को भी पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मांगपत्र सौंपा गया था। कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज न किए जाने पर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया गया था। अब पुलिस ने किसान सभा चोलथरा के पूर्व प्रधान, रखोह एनएच संघर्ष समिति और नागरिक सभा सरकाघाट के पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
11 सितंबर से अभियान शुरू करेगी किसान सभा
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि किसान सभा एनएच निर्माण कंपनी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ फिर से आंदोलन शुरू करेगी। 11 सितंबर को चोलथरा और रखोह से अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस दौरान एनएच निर्माण से जुड़ी समस्याओं का मौके पर जायजा लिया जाएगा और जमीनी स्थिति सामने लाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि एनएच निर्माण कंपनी के खिलाफ हिमाचल हाईकोर्ट में जनहित याचिका भी दायर की गई है। पिछली सुनवाई में कंपनी ने कोर्ट में निर्माण कार्य पूरा होने और लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने का हलफनामा दिया था। भूपेंद्र सिंह का दावा है कि जमीनी स्थिति इससे अलग है।
उन्होंने कहा कि 10 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई में एनएच निर्माण की वास्तविक स्थिति और लोगों की समस्याओं से जुड़े तथ्य कोर्ट के समक्ष रखे जाएंगे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।