{"_id":"6a9a4423e87ad4189d0777a7","slug":"video-nepal-disaster-mandi-gyan-singh-rescue-himachal-2026-09-04","type":"video","status":"publish","title_hn":"मौत को मात देकर गांव लौटा मंडी का ज्ञान सिंह, नेपाल में दो दिन पहाड़ी पर फंसा रहा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मौत को मात देकर गांव लौटा मंडी का ज्ञान सिंह, नेपाल में दो दिन पहाड़ी पर फंसा रहा
नेपाल में आई भीषण आपदा के बीच मौत को करीब से देखने वाले मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के मलोह गांव निवासी 50 वर्षीय ज्ञान सिंह आखिरकार सकुशल घर लौट आए हैं। करीब दो दिन और एक रात तक पहाड़ी पर फंसे रहने के बाद नेपाल की सेना ने हेलीकॉप्टर से उनका रेस्क्यू किया। ज्ञान सिंह के घर पहुंचने पर परिवार ने राहत की सांस ली।
ज्ञान सिंह पिछले करीब 30 वर्षों से पावर प्रोजेक्टों में काम कर रहे हैं। बीते आठ माह से वह नेपाल के एक पावर प्रोजेक्ट में फोरमैन के पद पर तैनात थे। आपदा के दिन वह पावर हाउस में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान अचानक पानी का तेज सैलाब आया। जान बचाने के लिए वह अन्य लोगों के साथ पहाड़ी की ओर भागे।
ज्ञान सिंह ने बताया कि उस समय चारों तरफ भयावह स्थिति थी। उन्हें भी एक समय लगा कि अब बचने का कोई रास्ता नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। करीब दो दिन और एक रात पहाड़ी पर बिताने के बाद नेपाल की सेना ने हेलीकॉप्टर की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि जिस जगह वह फंसे थे, वहां करीब 100 लोगों का दल मौजूद था। इनमें से अधिकांश लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि एक युवक के अभी भी फंसे होने की जानकारी है। ज्ञान सिंह के अनुसार, उनके पूरे पावर प्रोजेक्ट के करीब 98 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
ज्ञान सिंह ने बताया कि पावर प्रोजेक्ट में हिमाचल प्रदेश के चार अन्य लोग भी काम कर रहे थे। इनमें से तीन सुरक्षित निकल आए हैं, जबकि ऊना जिले का एक युवक अभी भी लापता है। सुरक्षित लौटने वालों में मंडी के तल्याहड़ क्षेत्र का एक व्यक्ति और शिमला जिले के रामपुर का निवासी भी शामिल है।
हादसे के बाद लंबे समय तक ज्ञान सिंह का परिवार उनसे संपर्क नहीं कर पाया था। इससे परिजन बेहद चिंतित थे। उनकी पत्नी कलावती ने बताया कि दूसरे दिन ज्ञान सिंह का फोन आया, तब परिवार को उनके सुरक्षित होने की जानकारी मिली और सभी ने राहत की सांस ली।
कलावती ने कहा कि देवी-देवताओं के आशीर्वाद से उनके पति सकुशल घर लौटे हैं। हादसे के बाद परिवार इतना घबरा गया था कि प्रशासन और सरकार को इसकी सूचना देने की भी उन्हें सुध नहीं रही।
नेपाल की आपदा का मंजर याद करते हुए ज्ञान सिंह ने कहा कि वहां उन्होंने जो भयावह दृश्य देखा, उसे वह जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।