{"_id":"6af581fe6eaf961bac06f64b","slug":"video-drug-free-himachal-anti-chitta-walkathon-in-shahpur-2026-11-12","type":"video","status":"publish","title_hn":"कांगड़ा: चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प के साथ हारचक्कियां से गुब्बर तक निकली वॉकथॉन, युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का प्रण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कांगड़ा: चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प के साथ हारचक्कियां से गुब्बर तक निकली वॉकथॉन, युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का प्रण
चिट्टे के खिलाफ लड़ाई को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से बुधवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में हारचक्कियां से गुब्बर तक एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन निकाली गई। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर नशामुक्त हिमाचल का संदेश दिया।
उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वह स्वयं भी विद्यार्थियों और आमजन के साथ जागरूकता मार्च में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों की तख्तियां लेकर चिट्टे के खिलाफ नारे लगाए।
एप्रोप्रिएट टेक्नोलॉजी सेंटर शाहपुर के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय लंज, पीएमश्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हारचक्कियां, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मनेई, राजकीय उच्च विद्यालय लपियाना, एसआरएम पब्लिक स्कूल हारचक्कियां, डीएवी स्कूल मनेई और आईटीआई हारचक्कियां के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वॉकथॉन के माध्यम से युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने चिट्टे के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का संदेश दिया।
इस दौरान केवल सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और जीवन में सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि चिट्टा आज समाज के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। इसका दुष्प्रभाव केवल नशे की गिरफ्त में आने वाले युवा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार मानसिक, सामाजिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करता है।
उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए सरकार, प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने होंगे।
पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशे के अवैध कारोबार और इसके नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इस कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अवैध धंधे से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने और सरकारी सेवा में रहते हुए इस कारोबार में संलिप्त पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
विधायक ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस और कानून के सहारे नहीं जीती जा सकती। इसके लिए समाज में जागरूकता और जनसहभागिता जरूरी है। विद्यार्थियों और युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने मित्रों, परिवारजनों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को खेलकूद, शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सेवा से जोड़कर उन्हें सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों, शिक्षकों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से नशामुक्ति अभियान को लगातार आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
पठानिया ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त वातावरण के साथ स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण भी जरूरी है। वॉकथॉन के माध्यम से प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग, एसडीएम ज्वाली नरेंद्र, उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अजय समयाल, एप्रोप्रिएट टेक्नोलॉजी सेंटर शाहपुर की प्रभारी डॉ. सुनंदा पठानिया, डीएफओ अमित शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।