Hindi News
›
Video
›
Haryana
›
Sirsa News
›
As soon as the 'action' command was given, an ADC and a Vice-Chancellor ended up behind bars—caught in a web ranging from dealing with middlemen to accepting bribes (symbolized here as 'eating laddus').
{"_id":"6b098f15d785d26b0f0a7f63","slug":"video-as-soon-as-the-action-command-was-given-an-adc-and-a-vice-chancellor-ended-up-behind-bars-caught-in-a-web-ranging-from-dealing-with-middlemen-to-accepting-bribes-symbolized-here-as-eating-laddus-2026-11-27","type":"video","status":"publish","title_hn":"एक्शन बोलते ही सलाखों के पीछे पहुंचे एडीसी व कुलपति, बिचौलिए से लेकर लड्डू खाने","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एक्शन बोलते ही सलाखों के पीछे पहुंचे एडीसी व कुलपति, बिचौलिए से लेकर लड्डू खाने
सिरसा। नाबालिग दूल्हा घोड़ी पर सवार था और बरात में ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए रिश्तेदार नोटों की बारिश कर रहे थे। हॉल में कहीं शादी के लिए रिश्ते की बातचीत चल रही थी, तो कहीं गहने और कपड़े खरीदे जा रहे थे। एक कोने में दुल्हन का ब्राइडल मेकअप हो रहा था और शादी की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही थी। तभी अचानक मंच से आवाज आई एक्शन। कुछ ही पलों में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बाल विवाह कराने वाले बिचौलिये व परिजनों से लेकर बरात में लड्डू खाने वाले मेहमानों तक को गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया। जांच के बाद सभी को अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने दोषी करार देते हुए उन्हें जेल भेज दिया। इस नाटकीय कार्रवाई में जिले के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अर्पित संगल, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) के कुलपति प्रो. विजय कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतिंद्र सिंह ने भी प्रतीकात्मक रूप से जेल की हवा खाई।
दरअसल यह कोई वास्तविक शादी या पुलिस छापेमारी नहीं, बल्कि बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए तैयार किया गया जीवंत मंचन था। शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत दिवस के अवसर पर सीडीएलयू के मल्टीपर्पज हॉल में यह अनूठा कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला प्रशासन के सहयोग से सेल्फी विद डॉटर संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने 30 से अधिक स्टॉल और झांकियां लगाई। इनमें बाल विवाह के लिए रिश्ता तय करने से लेकर शादी की तैयारियों, रस्मों, शिकायत, पुलिस कार्रवाई और दोषियों को सजा मिलने तक का पूरा सफर दर्शाया गया।
हॉल में प्रवेश करते ही ऐसा दृश्य नजर आया, मानो किसी मैरिज पैलेस में भव्य शादी समारोह चल रहा हो। सभी धर्मों के रीति-रिवाज के अनुसार बाल विवाह का मंचन किया गया। खुद मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. विजय कुमार व अन्य विशिष्ट अतिथियों ने घोड़ी पर सवार नाबालिग दूल्हे के साथ विवाह स्थल में प्रवेश किया। मंचन के अंतिम हिस्से में पुलिस की कार्रवाई के जरिये यह कड़ा संदेश दिया गया कि बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत केवल दूल्हा-दुल्हन के परिजन ही नहीं, बल्कि इसमें प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले हर व्यक्ति को दो साल तक की कठोर कैद और एक लाख रुपये तक जुर्माने की सजा हो सकती है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री देखी और झांकियों का अवलोकन किया। एडीसी अर्पित संगल ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति है, जो बच्चों व विशेषकर बालिकाओं के मानसिक और शारीरिक विकास के साथ उनके सपनों को भी कुचल देती है। जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए आंगनवाड़ी व आशा वर्कर्स, सरपंचों, स्कूल प्रिंसिपलों और ग्राम सचिवों के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीडीएलयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि देश और समाज का भविष्य युवाओं के कंधों पर है, इसलिए इस कुरीति को जड़ से मिटाने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतिंद्र सिंह ने कहा कि बाल विवाह बच्चों से उनका बचपन छीन लेता है, इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभानी होगी। सेल्फी विद डॉटर के संस्थापक सुनील जागलान ने कहा कि इस बुराई को खत्म करने के लिए कानून के साथ-साथ समाज की सोच बदलना भी जरूरी है। बेटियों को शिक्षा, सम्मान और समान अवसर मिलने चाहिए।
इस अवसर पर सीडीएलयू के रजिस्ट्रार डॉ. सुनील कुमार, नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, ब्रह्मकुमारी आश्रम से बिंदु बहन, भूपेश मेहता, ट्विंकल पंवार, पार्षद सुमन शर्मा, सुमन सैनी, अंग्रेज सिंह, रवि रंजन व अमित मनहर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
------------
बॉक्स
पारंपरिक तरीके से लेकर डॉट कॉम तक के सफर पर चोट
कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए दिखाया कि आधुनिक दौर में भी बाल विवाह का तरीका बदला है, सोच नहीं। पहले जहां पारंपरिक तरीकों से कच्ची उम्र में रिश्ते तय होते थे, वहीं अब लोग इस डिजिटल युग में शादी डॉट कॉम जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सहारा लेकर भी नाबालिगों का जीवन बर्बाद कर रहे हैं। मंचन के माध्यम से दहेज और भात जैसी दिखावटी कुरीतियों पर भी तीखा तंज कसा गया।
-------------
बॉक्स
सिर्फ शारीरिक नहीं, ताउम्र की मानसिक प्रताड़ना भी
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि बाल विवाह किसी नाबालिग के लिए केवल शारीरिक यातना नहीं, बल्कि ताउम्र की मानसिक प्रताड़ना है, जिससे वह जीवनभर उबर नहीं पाती। कम उम्र में मां बनने के कारण प्रसव के दौरान जच्चा और बच्चा दोनों की जान पर बन आती है। नाटक में यह कड़ा संदेश दिया गया कि भाईचारा बनाए रखने या समाज में झूठी इज्जत के नाम पर बाल विवाह देखकर इसे अनदेखा करने वाला हर व्यक्ति किसी मासूम के बचपन की हत्या का बराबर का दोषी है। साथ ही नाटक से अपील की गई कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या पुलिस के 112 पर शिकायत दर्ज कराएं।
-----------
बॉक्स
झांकियों में शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल प्रथम
कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्प्रभावों को दर्शाती झांकी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता से सभी को प्रभावित किया। कड़े मुकाबले में शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की टीम ने प्रथम, जीडी गोयंका स्कूल की टीम ने द्वितीय और डीएवी स्कूल डिंग की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।