दरभंगा जिले के मनीगाछी प्रखंड की राघोपुर पश्चिमी पंचायत अंतर्गत माध्यमिक विद्यालय, राघोपुर ड्योढ़ी में मैट्रिक और इंटरमीडिएट के 335 परीक्षार्थियों को अब तक प्रवेश पत्र नहीं मिलने से गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। परीक्षा 10 जनवरी से शुरू होनी है, जबकि उसी दिन से प्रायोगिक परीक्षा भी प्रस्तावित है, जिससे छात्र और अभिभावक गहरी चिंता में हैं।
रजिस्ट्रेशन राशि लेने के बावजूद फॉर्म नहीं भरा गया
आरोप है कि विद्यालय के प्रिंसिपल अभिषेक कुमार ने करीब 352 छात्र-छात्राओं से रजिस्ट्रेशन और परीक्षा फॉर्म भरने की राशि ली, लेकिन यह राशि बोर्ड कार्यालय में जमा नहीं की गई। इसी कारण मैट्रिक और इंटरमीडिएट का फॉर्म नहीं भरा जा सका और बिहार बोर्ड द्वारा संबंधित छात्रों का एडमिट कार्ड जारी नहीं किया गया।
डीएम के समक्ष रखी गई समस्या
पंचायत के मुखिया मानिक कुमार मंडल और विद्यालय के प्रभारी प्रिंसिपल ने इस पूरे मामले को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया।
प्रिंसिपल और प्रभारी प्रिंसिपल निलंबित
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि प्रिंसिपल अभिषेक कुमार और प्रभारी प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश भी दिया गया है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Bihar News: 31 साल पुराने हत्याकांड में चर्चित अधिवक्ता अंबर इमाम दोषी, कोर्ट ने हासमी बंधुओं को भेजा जेल
स्पेशल परीक्षा से बचाया जाएगा भविष्य
डीएम ने जानकारी दी कि इस संबंध में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से बातचीत की गई है। बोर्ड ने आश्वासन दिया है कि जिन छात्रों का प्रवेश पत्र जारी नहीं हो सका है, उनके लिए मार्च महीने में विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी, ताकि उनका शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रह सके।
335 परीक्षार्थियों का भविष्य अधर में
विद्यालय से मैट्रिक परीक्षा में 150 और इंटरमीडिएट में 185 परीक्षार्थी शामिल होने वाले हैं। अन्य विद्यालयों के प्रवेश पत्र बिहार बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं, लेकिन राघोपुर ड्योढ़ी विद्यालय के छात्रों के प्रवेश पत्र न तो जारी हुए हैं और न ही ऑनलाइन दिख रहे हैं, जिससे मानसिक तनाव लगातार बढ़ रहा है।
प्रशासन और विद्यालय का पक्ष
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सह बीपीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि तकनीकी त्रुटि के कारण प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं हो पा रहे हैं और इस संबंध में उच्च अधिकारियों से शिकायत की गई है। वहीं प्रधानाध्यापक अभिषेक कुमार ने कहा कि परीक्षा से पहले सभी छात्रों को प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा और बोर्ड के अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं।