{"_id":"6ae59b2f41469de81a0e1d84","slug":"video-lord-indra-poured-down-rain-for-five-hours-yet-the-faith-of-the-braj-pilgrims-remained-unshaken-2026-10-31","type":"video","status":"publish","title_hn":"VIDEO: पांच घंटे तक बरसते रहे इंद्रदेव, नहीं डिगी ब्रजयात्रियों की आस्था","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
VIDEO: पांच घंटे तक बरसते रहे इंद्रदेव, नहीं डिगी ब्रजयात्रियों की आस्था
आसमान से बरसती बारिश, रास्तों पर बहता पानी और लगातार पांच घंटे तक भीगता ब्रजयात्रियों का कारवां... लेकिन न कदम रुके और न ही श्रीराधा नाम का संकीर्तन थमा। इंद्रदेव की वर्षा भी ब्रज की रज में रम चुके श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति को कम नहीं कर सकी, बल्कि उसके आगे नतमस्तक हो गयी । हरिनाम संकीर्तन की धुन पर नाचते-गाते राधारानी ब्रजयात्री बारिश को भी मानो ठाकुर जी की कृपा मानकर आगे बढ़ते रहे। नंदगांव से विदा हुई ब्रजयात्रा पांच घंटे तक वर्षा में भीगते हुए कामर गांव स्थित अपने अगले पड़ाव पर पहुंची तो श्रद्धालुओं के चेहरों पर थकान नहीं, बल्कि भक्ति का उल्लास ही दिखाई दे रहा था। ब्रजभूषण पद्मश्री संत रमेश बाबा महाराज की प्रेरणा से संचालित राधारानी ब्रजयात्रा शुक्रवार को नंदगांव से अगले पड़ाव कामर के लिए रवाना हुई। यात्रा ने जैसे ही आगे बढ़ना शुरू किया, वर्षा का प्रकोप भी शुरू हो गया। देखते ही देखते बारिश तेज हो गई, लेकिन हजारों कदमों के साथ बढ़ रहे श्रीराधा नाम संकीर्तन की गति कम नहीं हुई। श्रद्धालु लगातार पांच घंटे तक बारिश में भीगते हुए पैदल 19 किलोमीटर तक चलते रहे। भजन-कीर्तन और नृत्य में ऐसे मग्न हुए कि बारिश की बूंदें भी उनकी भक्ति के आगे उत्सव का हिस्सा बन गईं। कामर पहुंचने पर यात्रियों के मुख से यही भाव निकला कि यह ठाकुर श्रीबिहारी लाल और बाबा महाराज की कृपा ही है, जो इतनी लंबी पदयात्रा और लगातार बारिश के बावजूद किसी के चेहरे पर शिकन तक नहीं आई। यात्रा के कामर पहुंचने से पहले बेमौसम बारिश ने पड़ाव की व्यवस्थाओं को भी प्रभावित किया। तेज बारिश के चलते यात्रियों के ठहरने के लिए लगाए गए पांडाल और तंबू धराशायी हो गए। ऐसे में ब्रजयात्रियों ने कामर गांव के मोहनजी मंदिर सहित अन्य मंदिरों, विद्यालयों और धर्मशालाओं में शरण ली। प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद यात्रियों का उत्साह बना रहा और स्थानीय ब्रजवासियों ने उनके ठहरने की व्यवस्था में सहयोग किया। संकट की इस घड़ी में ब्रजवासियों के अद्भुत सहयोग और उनके प्रेम को देखकर ब्रजयात्री गदगद हो उठे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मोती कुंड, फुलवारी कुंड, गेंदोखर, गान वन सहित खिटावटा, कदोना और सिरथला के दिव्य लीला स्थलों के दर्शन किए। खिटावटा में ब्रजवासियों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और फल वितरण कर यात्रियों का भावपूर्ण स्वागत किया। वहीं कामर के ब्रजवासियों ने बारिश के बीच यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था संभाली।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।