लखनऊ में 27 सितंबर को होने वाले राष्ट्रीय वाल्मीकि सम्मेलन में लखीमपुर खीरी जिले समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक मुद्दों के साथ आरक्षण वर्गीकरण की मांग उठाई जाएगी। सम्मेलन का आयोजन वंचित शोषित सामाजिक संगठनों का अखिल भारतीय परिसंघ के तत्वावधान में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चंदन लाल वाल्मीकि की ओर से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसमें लखीमपुर, गोला, मैलानी, खीरी, मोहम्मदी, पलिया समेत सभी नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों से लोग पहुंचेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि सम्मेलन में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत सरकार के कई मंत्री व वाल्मीकि समाज से कई राज्यों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इसमें बाल्मीकी समाज की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और राजनीतिक हिस्सेदारी, आरक्षण के वर्गीकरण तथा सफाई कार्य में नियमित भर्ती की मांग उठाई जाएगी। संविदा सफाई कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ, आउटसोर्स कर्मचारियों की शैक्षिक योग्यता की शर्त खत्म करने, सीवर-सैप्टिक टैंक सफाई के दौरान होने वाली मौतों की रोकथाम और मृतकों के परिवारों के पुनर्वास की मांग भी रखी जाएगी।