सिरोही के आबूरोड नगरपालिका चुनाव के दौरान बुधवार को वार्ड संख्या 22 एवं बहुचर्चित वार्ड संख्या 23 के मतदान केंद्रों पर दोपहर में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसकी सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान एवं अनाधिकृत लोगों के प्रवेश की शिकायत की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली एवं मतदान व्यवस्था का जायजा लिया।
वार्ड 23 में फर्जी मतदान के आरोप से गरमाया माहौल
आबूरोड नगरपालिका का वार्ड 23 इस बार खासा चर्चाओं में है। यहां से भाजपा प्रत्याशी भावना अग्रवाल ने एक मतदाता के वार्ड संख्या 22 का निवासी होने के बावजूद वार्ड 23 के मतदान केंद्र पर पहुंचने का आरोप लगाते हुए इसे फर्जी मतदान का मामला बताया। हालांकि, जिला कलेक्टर ने फर्जी मतदान के आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्हें मतदान केंद्र पर हंगामे और भीड़भाड़ की शिकायत मिली थी। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को मतदान केंद्र परिसर में अनाधिकृत लोगों को प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को बूथ पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के पहुंचने के बाद मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया गया।
ये भी पढ़ें-
निकाय चुनाव के इतिहास की सबसे बड़ी बाड़ाबंदी की तैयारी; वोटिंग खत्म होते ही होंगे फोन स्विच ऑफ
वार्ड 14 में अस्पताल खुला रहने पर विवाद
शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के साथ प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भी लगातार चहल-पहल देखने को मिली। वहीं, वार्ड संख्या 14 के मतदान केंद्र के सामने एक अस्पताल के खुले रहने को लेकर भी विवाद सामने आया। कांग्रेस प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने अस्पताल बंद नहीं होने पर विरोध जताया तथा पुलिस और प्रशासन से मतदान केंद्र के सामने स्थित अस्पताल को बंद करवाने की मांग की।मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इसी तरह अर्बुद स्कूल बूथ पर भी विवाद के बाद माहौल गर्मा गया।
अपराह्न 3 बजे तक मंडार में सबसे ज्यादा मतदान
उधर, सिरोही निकाय चुनाव-2026 के पहले चरण में अपराह्न 3 बजे तक आबूरोड में **61.72 प्रतिशत**, शिवगंज में **61.20 प्रतिशत** एवं मंडार में सबसे ज्यादा **71.05 प्रतिशत** मतदान हुआ।