नागौर जिले के खींवसर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए शिक्षक के सम्मान में निकाले जा रहे जुलूस के दौरान डीजे वाहन पर जानलेवा स्टंट करना भारी पड़ गया। स्टंट करते समय डीजे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डीजे पर लटके दो युवक नीचे गिर गए। इनमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का पूरा घटनाक्रम पीछे चल रही स्कॉर्पियो में सवार युवक के कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
जानकारी के अनुसार, खींवसर थाना क्षेत्र के आकला गांव स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खींवसर निवासी शिवराज प्रजापत राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें सम्मान के साथ जुलूस के रूप में घर ले जाया जा रहा था। जुलूस में सबसे आगे डीजे वाहन चल रहा था। इसी दौरान डीजे वाहन पर सवार दो युवक स्टंट करने लगे।
पढ़ें: सास को कांग्रेस से टिकट, दो बहुओं ने ठोकी निर्दलीय ताल; घर-घर पहुंची परिवार की सियासी लड़ाई
बताया जा रहा है कि स्टंट के दौरान अचानक डीजे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इससे पहले कि युवक संभल पाते, दोनों डीजे से नीचे गिर गए। हादसे में बंटी प्रजापत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रहलाद प्रजापत गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि डीजे वाहन दोनों युवकों के ऊपर नहीं गिरा, अन्यथा हादसा और भी भयावह हो सकता था। पीछे चल रही स्कॉर्पियो में बैठे लोगों ने डीजे के पलटने और युवकों के गिरने का पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक आसाराम चौधरी ने बताया कि रिटायरमेंट कार्यक्रम के दौरान डीजे संचालक द्वारा जानलेवा स्टंट किया गया, जिसके चलते वाहन पलट गया और बंटी प्रजापत की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद डीजे संचालक के खिलाफ खतरनाक एवं जानलेवा स्टंट को लेकर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।