राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर की गई व्यक्तिगत टिप्पणी के विरोध में बुधवार को जालोर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कलेक्ट्रेट के सामने आयोजित विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाया और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से अपनी टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
गहलोत पर टिप्पणी को लेकर जताई नाराजगी
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि राजनीति में आने से पहले जब गहलोत खाद-बीज की दुकान चलाते थे, तब वे किसानों को लूटते थे और नकली खाद-बीज बेचते थे। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के इस बयान को अनुचित बताते हुए विरोध दर्ज कराया।
सबूत हैं तो कार्रवाई करें, नहीं तो मांगें माफी
योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने संवैधानिक पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। यदि उनके पास लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई सबूत हैं तो संबंधित मामले में कार्रवाई करनी चाहिए। अन्यथा उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस तरह की व्यक्तिगत टिप्पणियां उचित नहीं हैं।
कलेक्ट्रेट के सामने जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता
प्रदर्शन से पहले बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट के बाहर एकत्रित हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला जलाकर विरोध जताया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और बयान के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया।
प्रदर्शन में नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति सैयद मुमताज अली, निंबाराम माली, पुरखराज माली, नरेश राणा, टिकम माली, मंगलाराम, लक्ष्मण सिंह, वाईदुला खान, रमेश सोलंकी और वीरेंद्र जोशी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।