जालोर: बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने कराया युवक का अपहरण, चार घंटे में पुलिस ने छुड़ाया
जालोर के जसवंतपुरा थाना क्षेत्र में बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने देवाराम लौहार का अपहरण करवा दिया। पुलिस ने चार घंटे में युवक को सकुशल छुड़ाकर मुख्य आरोपी कांतिलाल समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
जालोर जिले के जसवंतपुरा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह से नाराज एक पिता ने युवक का अपहरण करवा दिया। 16 नवंबर की शाम ग्राम फेदाणी में चार-पांच लोगों ने देवाराम लौहार के साथ मारपीट की और उसे जबरन लाल रंग की कार में डालकर ले गए। सूचना मिलने पर जसवंतपुरा, रामसीन और कालन्द्री थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे में अपहृत युवक को सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी कांतिलाल अपनी बेटी के प्रेम विवाह से नाराज था और इसी वजह से उसने अपहरण की योजना बनाई थी।
फेदाणी गांव में मारपीट कर किया अपहरण
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को शाम करीब 7 बजे जसवंतपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम फेदाणी स्थित शंकरलाल माली के बेरे पर देवाराम लौहार के साथ चार-पांच लोग मारपीट कर रहे हैं। इनमें एक महिला भी शामिल थी। आरोपियों ने देवाराम को जबरन लाल रंग की कार में बैठाया और उसका अपहरण कर लिया। सूचना मिलते ही थानाधिकारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
नाकाबंदी कर चार घंटे में युवक को छुड़ाया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। जसवंतपुरा, रामसीन और कालन्द्री थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए घटना के महज चार घंटे के भीतर देवाराम को सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने वारदात में शामिल पांचों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पढ़ें: उज्जैन में सांदीपनि लोक की जमीन पर घमासान, आसाराम आश्रम ने अधिग्रहण के खिलाफ खोला मोर्चा
बेटी के प्रेम विवाह से नाराज था मुख्य आरोपी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कांतिलाल अपनी बेटी डिम्पलकुमारी के देवाराम के पुत्र ओमप्रकाश के साथ प्रेम विवाह करने से नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने योजनाबद्ध तरीके से अपहरण की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने परिवादिया दक्षाकुमारी पुत्री देवाराम की रिपोर्ट पर जसवंतपुरा थाने में प्रकरण संख्या 122, दिनांक 17 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 115(2), 126(2), 140(3) और 189(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
ये पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कांतिलाल पुत्र कपूराराम (50), आशीष मालवीय पुत्र कांतिलाल (20), प्रेमराज पुत्र चुन्नीलाल (30), मनमथ पुत्र शिवानंद (26) और शोभादेवी पत्नी कांतिलाल (41) को गिरफ्तार किया है। आरोपी अलग-अलग स्थानों के निवासी हैं। इनमें पाली जिले के शिवतलाव और देसुरी के अलावा महाराष्ट्र के हवेली क्षेत्र का आरोपी भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें वारदात में इस्तेमाल वाहन और अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ के लिए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
