अलवर नगर निगम की नवनियुक्त महापौर सुमन लता ने शुक्रवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद नगर निगम कार्यालय पहुंचकर पदभार संभाल लिया। इस दौरान प्रदेश के मंत्री संजय शर्मा भी नगर निगम पहुंचे। महापौर के पदभार ग्रहण करने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। समारोह में नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना के बाद संभाला कार्यभार
पदभार ग्रहण करने से पहले नगर निगम परिसर में पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद महापौर सुमन लता ने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला। इस दौरान समर्थकों में उत्साह नजर आया।
महापौर सुमन लता ने कहा कि अलवर शहर का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और नगर निगम स्तर पर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने की भी बात कही।
ये भी पढ़ें: राजस्थान निकाय चुनाव: वार्डों में टक्कर, कुर्सियों के खेल में BJP आगे; निर्दलीय-बागियों ने कैसे बदला गणित?
उपमहापौर अजय पूनिया ने भी संभाला पदभार
महापौर के साथ नवनिर्वाचित उपमहापौर अजय पूनिया ने भी अपना पदभार संभाला। उन्होंने कहा कि महापौर को किसी भी तरह की राजनीतिक या प्रशासनिक परेशानी आती है तो वे उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने नगर निगम के विकास के लिए मिलकर काम करने और महापौर को हर संभव सहयोग देने की बात कही।
कमरे को लेकर जताई नाराजगी
पदभार ग्रहण के दौरान उपमहापौर अजय पूनिया ने अपने कार्यालय के कमरे को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कमरे में बैठने से इनकार कर दिया और कहा कि जब तक कमरे में बदलाव नहीं किया जाता, वे वहां नहीं बैठेंगे।