मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक रिहायशी मकान के बाथरूम में अचानक विशालकाय अजगर घुस आया। अजगर को देखकर घर के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर मोहगांव सड़क इलाके की है। परिवार के सदस्यों ने तत्काल सर्प मित्र प्रवीण तिवारी को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही सर्प मित्र प्रवीण तिवारी आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। बताया गया कि अजगर की लंबाई करीब 9 से 10 फीट और वजन लगभग 10 से 12 किलोग्राम है।
पढे़ं: दिल्ली पीजी हादसे में जान गंवाने वाले अर्पित का शव पहुंचा घर, भाई को देखते ही फूट-फूटकर रोई बहन
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इसके बाद सर्प मित्र ने अजगर को रेंज ऑफिस सिवनी में वन विभाग के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया। वन विभाग के अनुसार अजगर पूरी तरह स्वस्थ है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उसे जल्द ही आबादी से दूर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि आबादी वाले क्षेत्रों में सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं और तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्र को सूचना दें।