कर्नाटक एक्सप्रेस में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए बीना जीआरपी पुलिस ने विदिशा निवासी नितिन यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले से चोरी सहित विभिन्न धाराओं में 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईपैड और विभिन्न कंपनियों के 36 एंड्रॉइड/कीपैड मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख 82 हजार रुपये आंकी गई है।
कर्नाटक एक्सप्रेस में हुई चोरी से खुला राज
मामला बीना जीआरपी थाना क्षेत्र का है। गत 12 अगस्त को कर्नाटक एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का ट्रॉली बैग चोरी हो गया था। बैग में आईपैड, मोबाइल चार्जर, नकद राशि, कपड़े और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। भोपाल जीआरपी से केस डायरी प्राप्त होने के बाद बीना जीआरपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की थी।
डाक बंगले के पास आईपैड बेचते धराया आरोपी
जांच के दौरान 23 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि डाक बंगले के पीछे एक संदिग्ध व्यक्ति सस्ते दामों में आईपैड बेचने की फिराक में घूम रहा है। जीआरपी टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर विदिशा निवासी नितिन यादव (37 वर्ष) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से आईपैड मिला, जिसका मिलान कर्नाटक एक्सप्रेस से चोरी गए आईपैड से हो गया।
डेरे के पास छिपाकर रखे थे 34 मोबाइल
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी की निशानदेही पर पूर्वी रेलवे कॉलोनी में एक डेरे के पास से 34 अन्य मोबाइल बरामद किए गए। आरोपी के पास पूर्व में मिले दो मोबाइल और इन 34 मोबाइलों को मिलाकर कुल 36 मोबाइल जब्त किए गए हैं। इन 36 मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 31 हजार रुपये है, जबकि आईपैड की कीमत 51 हजार रुपये बताई गई है।
ये भी पढ़ें-
Kubereshwar Dham: आज दिखेगा आस्था का विराट संगम, 11 किमी लंबी यात्रा में शामिल होंगे लाखों कांवड़िए
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 11 मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी नितिन यादव शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ विदिशा जिले के अलग-अलग थानों और जीआरपी में चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बीना जीआरपी फिलहाल आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को पूछताछ के दौरान अन्य चोरियों का खुलासा होने और गिरोह के बाकी सदस्यों की जानकारी मिलने की संभावना है।