लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बिहार में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। देश के अलग-अलग राज्यों में रोजगार के सिलसिले में रह रहे बिहार के लोग अब अपने घर लौटने की तैयारी में जुटे हैं। हर किसी की ख्वाहिश है कि छठ पर्व पर परिवार के साथ रहकर सूर्य उपासना के इस महापर्व में शामिल हो सके। लेकिन घर पहुंचने की यह राह अब यात्रियों के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं रह गई है। मध्यप्रदेश के प्रमुख रेलवे जंक्शन इटारसी में बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का भारी दबाव देखने को मिल रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है।
इटारसी जंक्शन से गुजरने वाली बिहार रूट की ट्रेनों में छठ यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। जनरल कोच से लेकर स्लीपर श्रेणी तक यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है, वहीं वेटिंग टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों को भी ट्रेन में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। कोच में जगह नहीं मिलने के कारण कई यात्री दरवाजों के पास, कोच के प्रवेश द्वार और शौचालय के सामने बैठकर सफर करने को मजबूर हैं। लंबी दूरी का सफर होने के बावजूद यात्रियों को बैठने तक की जगह नसीब नहीं हो रही।
ये भी पढ़ें- मुश्किल में करीना कपूर: अभिनेत्री को नेता ने भेजा कानूनी नोटिस, भोपाल रियासत की बेगम का पेंडेंट पहनने पर विवाद
13 नवंबर तक घर पहुंचने की चिंता
छठ महापर्व को लेकर बिहार में 13 से 16 नवंबर तक धार्मिक अनुष्ठान और पूजा की तैयारियां की जाएंगी। ऐसे में बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए 13 नवंबर तक घर पहुंचना बेहद जरूरी है। लोग चाहते हैं कि समय रहते अपने परिवार के बीच पहुंचकर पर्व की तैयारियों में हाथ बंटा सकें। लेकिन ट्रेनों की लेटलतीफी और कोच में क्षमता से अधिक भीड़ ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। घंटों स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने के बाद भी यात्रियों को कोच में जगह नहीं मिल पा रही है। कई यात्रियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वे समय पर अपने घर पहुंच भी पाएंगे या नहीं।
40 स्पेशल ट्रेनों के बावजूद भीड़ बेकाबू
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से 40 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इटारसी जंक्शन से प्रतिदिन कुल 193 ट्रेनों का आवागमन होता है। रेलवे प्रबंधन का कहना है कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के साथ जरूरी व्यवस्थाएं भी की गई हैं, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। हालांकि, जमीनी तस्वीर रेलवे के दावों से अलग नजर आ रही है। बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
यात्रियों ने की अतिरिक्त कोच लगाने की मांग
ट्रेनों में जगह नहीं मिलने से परेशान यात्रियों का कहना है कि छठ साल में एक बार आने वाला बड़ा पर्व है। ऐसे में घर पहुंचने के लिए लोग हर संभव कोशिश कर रहे हैं, लेकिन रेलवे की व्यवस्थाएं यात्रियों की भीड़ के सामने नाकाफी साबित हो रही हैं। यात्रियों ने मांग की है कि स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के साथ ही बिहार रूट की नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाए जाएं। साथ ही ट्रेनों का संचालन समय पर किया जाए, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिल सके।
कुल मिलाकर छठ पर्व पर अपनों के बीच पहुंचने की उम्मीद लेकर निकले हजारों यात्रियों के लिए इटारसी जंक्शन पर सफर आसान नहीं रह गया है। अब यात्रियों की निगाहें रेलवे की अतिरिक्त व्यवस्थाओं पर टिकी हैं, ताकि आस्था के इस महापर्व पर वे समय रहते अपने घर पहुंचकर परिवार के साथ छठ मना सकें।