मध्यप्रदेश के कटनी रेल मंडल में चलती ट्रेन से एक महिला के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस के एसी कोच से महिला के गायब होने के बाद रेलवे पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही RPF और GRP की संयुक्त टीम जांच में जुट गई है और पूरे रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक चलती ट्रेन से महिला के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19489) के एसी कोच B-1 की है, जहां उत्तर प्रदेश निवासी अंजली उर्फ डिंपल यादव सफर के दौरान अचानक गायब हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना 28 तारीख की तड़के सुबह की बताई गई जहां दमोह-कटनी रेलखंड के बीच देर सुबह साढ़े 3 से 5 बजे के बीच हुई मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें- छिंदवाड़ा में कमलनाथ के 'लापता विधायक' वाले पोस्टर से गरमाई सियासत, भाजपा ने गिनाईं क्षेत्र की समस्याएं
लापता हुई महिला अंजली यादव के देवर अंकित यादव ने बताया कि घटना दौरान भाभी अंजली अपने पिता अशोक यादव के साथ गोरखपुर से 27 जून को अहमदाबाद लौट रही थीं। देर रात महिला की अपने पति और देवर से बात हुई तो खुद को दमोह स्टेशन में होना बताया गया था, जिसके बाद दोनों अपने एसी कोच B-1 की बर्थ संख्या 41 पर सोने चले गए। लेकिन जब रात में पिता की नींद खुली तो अंजली अपनी बर्थ पर नहीं थी। ट्रेन और कोच में काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद ट्रेन स्टाफ को सूचना दी गई। परिजनों के अनुसार घटना से कुछ घंटे पहले अंजली का सूटकेस भी चोरी हो गया था, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
दो स्टेशनों के बीच यानि 173 किमी के बीच से अंजली उर्फ डिंपल यादव का यूं लापता होने पर परिजनों ने किसी अनहोनी या आपराधिक वारदात की आशंका जताई है। हालांकि उन्होंने यह संभावना भी जताई कि रात में किसी स्टेशन पर उतरने के दौरान ट्रेन छूट गई हो। घटना की सूचना मिलते ही मैहर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम गठित की गई है। कटनी, दमोह, सागर और मैहर सहित पूरे रेल मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा सहयात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है।
जांच अधिकारी एसआई अनिल मरावी ने बताया कि महिला के दमोह-मैहर रेलखंड के बीच लापता होने की आशंका है। गुमशुदगी दर्ज कर मामले को आगे की कार्रवाई के लिए दमोह जीआरपी को सौंपा जाएगा। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और यात्रियों से पूछताछ के आधार पर महिला का जल्द पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।