रक्षाबंधन के त्योहार से पहले झाबुआ जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं नापतोल विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। त्योहार के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग की टीम जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को कल्याणपुरा, सारंगी और थांदला में संयुक्त कार्रवाई की गई। थांदला में पाम ऑयल से बनी करीब 222 किलो अमानक मिठाई जब्त कर नियमानुसार नष्ट कराई गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 53 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पहले मेघनगर क्षेत्र में कार्रवाई की थी। यहां एक होटल से अमानक मिठाई जब्त की गई थी। पूछताछ में होटल संचालक ने बताया कि यह मिठाई थांदला स्थित श्री कृष्णा स्वीट्स नमकीन भंडार से खरीदी गई थी। इसके बाद बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं नापतोल विभाग की टीम थांदला पहुंची और एमजी रोड स्थित श्री कृष्णा स्वीट्स नमकीन भंडार की जांच की।
जांच के दौरान टीम को करीब 222 किलो पाम ऑयल से बनी अमानक मिठाई मिली। अधिकारियों ने मिठाई जब्त कर नियमानुसार नष्ट कराई। इसकी अनुमानित कीमत 53 हजार रुपये बताई गई है। रक्षाबंधन से पहले हुई इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति है।
पढ़ें: विजय शाह मामले में विवेक तन्खा बोले- मंत्री-पूर्व मंत्री के अभियोजन पर सरकार नहीं ले सकती कोई फैसला
इसी कार्रवाई के दौरान टीम ने कल्याणपुरा स्थित विजय स्वीट्स से मिल्क केक का नमूना जांच के लिए लिया। यहां प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ का विक्रय पाए जाने पर करीब 16 किलो खाद्य पदार्थ मौके पर ही नष्ट कराया गया। मामले में संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
वहीं, सारंगी स्थित अमूल मिल्क पार्लर से पनीर का नमूना लिया गया। इसके अलावा विनायक रेस्टोरेंट और पालीवाल रेस्टोरेंट से बूंदी के लड्डू, बर्फी और मावा के नमूने जांच के लिए लिए गए। विभाग द्वारा सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक या नियमों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट, अमानक सामग्री के उपयोग और प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के विक्रय पर लगातार नजर रखी जा रही है।
संयुक्त कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुलसिंह अलावा, वेलसिंह मोरी, नापतोल निरीक्षक सचिन चौहान और संजय पांचाल मौजूद रहे। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की है।