ग्वालियर-चंबल अंचल को औद्योगिक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ऐलान किया है कि इसी महीने के अंत तक ग्वालियर में देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय गृहमंत्री से इसी महीने के अंत की तारीख मिलने का इंतजार है। इस परियोजना के तहत ग्वालियर में 6500 से 7000 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। यहां 25 से 30 औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने और करीब 18 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
सिंधिया ने बताया कि केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों से देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन ग्वालियर में विकसित किया जा रहा है। इस जोन में अत्याधुनिक इंटरनेशनल टेस्टिंग लैब भी बनाई जाएगी। निवेश आकर्षित करने के लिए बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली में रोड शो आयोजित किए गए हैं। इन आयोजनों के बाद उद्योगपतियों में निवेश को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। सिंधिया के मुताबिक, यह परियोजना ग्वालियर को औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने ग्वालियर में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, एलिवेटेड रोड और हजार बिस्तरों का अस्पताल शहर के विकास की नई नींव तैयार कर रहे हैं। करीब 5500 करोड़ रुपये की लागत से आगरा-ग्वालियर हाईस्पीड कनेक्टिविटी कॉरिडोर भी बनाया जा रहा है। इसके अलावा चंबल से ग्वालियर तक पानी लाने की योजना पर भी काम जारी है।
पढ़ें: इंदौर के स्वच्छता मॉडल से चमका देपालपुर, देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर; मिला अवार्ड
सिंधिया 13 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ शिवपुरी जिले के पिछोर में मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्री शिवपुरी के चार दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान जिले को करीब 160 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने की तैयारी है।
वहीं, कांग्रेस की भविष्यवाणियों को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंधिया ने तंज कसते हुए कहा कि शायद कांग्रेस नेताओं को अपना ज्योतिष बदलने की जरूरत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई। सिंधिया ने दावा किया कि पिछले 12 से 20 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है। टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के प्रस्तावित शुभारंभ से ग्वालियर में औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। अब इस परियोजना के औपचारिक शुभारंभ और निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने का इंतजार है।