{"_id":"6afa0e77386b20405b0bfcb5","slug":"srinagar-inputs-received-regarding-the-presence-of-terrorists-in-mir-bazar-kulgam-caso-initiated-2026-11-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"श्रीनगर: कुलगाम के मीर बाजार में आतंकियों की मौजूदगी का इनपुट, कासो शुरू; पूछताछ के आधार पर कई ठिकानों पर दबिश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
श्रीनगर: कुलगाम के मीर बाजार में आतंकियों की मौजूदगी का इनपुट, कासो शुरू; पूछताछ के आधार पर कई ठिकानों पर दबिश
Mon, 16 Nov 2026 01:26 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, कुलगाम/श्रीनगर
अमर उजाला नेटवर्क, कुलगाम/श्रीनगर
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 16 Nov 2026 01:26 AM IST
सार
कस्बे और जंगल के सभी रास्तों को सील कर दिया गया और सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से आतंकियों के छिपे होने की चिह्नित जगहों पर घेराबंदी और तलाशी अभियान (कासो) शुरू कर दिया।
विज्ञापन
पूरे कश्मीर में संदिग्धों पर नजर
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
कुलगाम जिले के मीर बाजार में रविवार देर शाम आतंकियों की मौजूदगी के इनपुट मिले। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया। कस्बे और जंगल के सभी रास्तों को सील कर दिया गया और सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से आतंकियों के छिपे होने की चिह्नित जगहों पर घेराबंदी और तलाशी अभियान (कासो) शुरू कर दिया। मीर बाजार वही जगह है, जहां 11 नवंबर की दोपहर आतंकियों ने सीआरपीएफ के नाके पर हमला किया था जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।
विज्ञापन
आतंकियों के खुफिया एवं सटीक इनपुट मिलने की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ पुलिस और सैन्य अधिकारी देर रात तक मौके पर ही मौजूद थे। आला अधिकारी खुद पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं और जमीनी स्तर पर सुरक्षाबलों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं। इस संयुक्त अभियान को पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के जवान मिलकर अंजाम दे रहे हैं। पूरे मीर बाजार और आसपास के संवेदनशील इलाकों की कड़ी घेराबंदी कर दी गई है।
विज्ञापन
पूछताछ के आधार पर कई ठिकानों पर दबिश
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक पिछले दिनों हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ, आतंकी के मोबाइल के डेटा से मिले सुराग और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर कई ठिकानों पर दबिश दी गई। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम भी तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। इस जांच का मकसद लश्कर-ए-ताइबा के स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट के अलावा हमले में शामिल अन्य आतंकियों का सुराग लगाना है।
विज्ञापन
पूरे कश्मीर में संदिग्धों पर नजर
कुलगाम हमले में संलिप्त आतंकियों को पकड़ने और मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों ने पूरे दक्षिण कश्मीर, खासतौर पर कुलगाम और उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चला रखा है। पिछले दो दिनों में 500 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है।
बीते पांच दिनों से सुरक्षा बल जंगलों, रिहायशी इलाकों और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दे रहे हैं। इस दौरान ड्रोन और खोजी कुत्तों की भी मदद ली जा रही है। अब मीर बाजार में शुरू किया गया यह लक्षित अभियान उसी बड़े ऑपरेशन का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है।
-गांदरबल पुलिस ने रात को प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया। श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख चौराहों और प्रवेश मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की तलाशी ली गई। स्निफर डॉग और स्कैनिंग उपकरणों की मदद ली गई। मालवाहक वाहनों के दस्तावेज जांचे गए।
