{"_id":"6a78b1a92907872019010b3e","slug":"pathariya-crematoriums-poor-condition-exposed-during-heavy-rain-damoh-news-c-1-1-noi1513-4595693-2026-08-09","type":"video","status":"publish","title_hn":"कलेक्टर के निर्देश भी बेअसर?: तेज बारिश में तिरपाल लगाकर अंतिम संस्कार करना पड़ा, मुक्तिधाम का वीडियो वायरल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कलेक्टर के निर्देश भी बेअसर?: तेज बारिश में तिरपाल लगाकर अंतिम संस्कार करना पड़ा, मुक्तिधाम का वीडियो वायरल
दमोह जिले के पथरिया नगर में रविवार को मुक्तिधाम की बदहाल व्यवस्था की तस्वीर सामने आई। वार्ड क्रमांक 14 स्थित मुक्तिधाम में बारिश से बचने के लिए स्थायी टीन शेड नहीं होने के कारण तेज बारिश के बीच वार्डवासियों को टीन और तिरपाल लगाकर अंतिम संस्कार कराना पड़ा। घटना का वीडियो रविवार रात सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निकाय की कार्यप्रणाली और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मामला वार्ड क्रमांक 14 निवासी 90 वर्षीय पूरन अहिरवार के निधन से जुड़ा है। लंबी बीमारी के बाद रविवार सुबह उनका निधन हो गया था। दोपहर में परिजन और वार्डवासी अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम पहुंचे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। मुक्तिधाम में बारिश से बचाव के लिए कोई स्थायी शेड नहीं होने से अंतिम संस्कार कराने में परेशानी खड़ी हो गई।
वार्डवासियों ने खुद खड़ी की टीन-तिरपाल की छत
बारिश के बीच अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए वार्ड पार्षद हरप्रसाद अहिरवार ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर टीन और तिरपाल की अस्थायी व्यवस्था की। इसके बाद बारिश के बीच लोगों ने छातों का सहारा लेकर अंतिम संस्कार कराया। इस दौरान बनाए गए अस्थायी इंतजाम का वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।
तीन वार्डों के लोग पहुंचते हैं मुक्तिधाम
वार्ड पार्षद के अनुसार इस मुक्तिधाम का उपयोग आसपास के करीब तीन वार्डों के लोग करते हैं। यहां पिछले करीब 40 वर्षों से अंतिम संस्कार किए जा रहे हैं। पार्षद का कहना है कि मुक्तिधाम में स्थायी टीन शेड बनवाने के लिए नगर परिषद से कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में स्थायी समाधान नहीं हुआ।
चौरई की घटना के बाद कलेक्टर ने दिए थे निर्देश
मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि कुछ दिन पहले जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र के चौरई में भी बारिश के दौरान छाता लगाकर अंतिम संस्कार कराने की तस्वीर सामने आई थी। इसके बाद कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले की नगर परिषदों और नगर पंचायतों में ऐसे मुक्तिधामों को चिन्हित करने और वहां टीन शेड बनवाने के निर्देश दिए थे, जहां बारिश से बचाव की व्यवस्था नहीं है।
इसके बावजूद पथरिया के वार्ड क्रमांक 14 स्थित मुक्तिधाम में स्थायी शेड नहीं बन सका। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कलेक्टर के निर्देश के बाद संबंधित नगर निकाय ने इस मुक्तिधाम की स्थिति का परीक्षण किया था या नहीं। यदि निरीक्षण हुआ था तो निर्माण की कार्रवाई आगे क्यों नहीं बढ़ी और यदि नहीं हुआ तो निर्देशों के पालन की निगरानी किस स्तर पर हुई? जबकि स्थानीय लोगों द्वारा नगर परिषद् को कई बार आवेदन सौंपे जा चुके हैं।
एसडीएम बोले- पता करवाएंगे शेड क्यों नहीं बना
पथरिया एसडीएम निकेत चौरसिया ने बताया कि उन्हें भी मुक्तिधाम में टीन लगाकर अंतिम संस्कार कराए जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पता करवाया जाएगा कि मुक्तिधाम में टीन शेड क्यों नहीं लगाया गया। साथ ही मुक्तिधाम की जमीन को लेकर किसी तरह का विवाद है या नहीं, इसकी भी जानकारी ली जाएगी। एसडीएम के मुताबिक सोमवार को नगर पंचायत के अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा की जाएगी और स्थिति की जानकारी ली जाएगी।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।