राजधानी भोपाल की आदमपुर छावनी स्थित कचरा खंती एक बार फिर आग की लपटों से घिर गई। सोमवार सुबह यहां प्लास्टिक प्लांट में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं और धुएं का गुबार पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। जलते कचरे से उठी जहरीली धुंध और दुर्गंध आसपास के इलाकों में फैल गई। दमकलों ने करीब एक घंटे की मशक्कत और 24 टैंकर पानी की मदद से आग पर काबू पाया। बार-बार आग लगने की घटनाओं से पहले ही परेशान आसपास के 12 से 15 गांवों के रहवासियों की सेहत को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। खास बात यह है कि खंती के कचरे का निपटारा करने के लिए सुप्रीम कोर्ट की तय समय-सीमा और मामले की अगली सुनवाई से ठीक पहले यह घटना हुई है।
आदमपुर खंती में जमा पुराने कचरे के निपटारे को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने नगर निगम को 330 दिन में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में अगली सुनवाई कल मंगलवार 17 नवंबर को होना है। ऐसे में सुनवाई से ठीक पहले खंती में आग लगने की घटना ने कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को फिर सवालों के घेरे में ला दिया है। अब निगम के सामने तय समय-सीमा में कचरे का निपटारा करने के साथ ही आगजनी की घटनाओं पर रोक लगाने की चुनौती भी है।
18 महीने में 12वीं बार आग
आदमपुर खंती में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 18 महीनों में यहां 12 बार आग लगने का दावा किया जा रहा है। इस साल आगजनी की यह चौथी घटना बताई जा रही है। बार-बार आग लगने से कचरे के सुरक्षित निपटारे और आग रोकने के इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। हर बार आग बुझाने के बाद स्थिति सामान्य होने का दावा किया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद खंती फिर धधकने लगती है।
ये भी पढ़ें: ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की जान पर संकट: दो दिन में दूसरी बार नाव के इंजन में लगी आग, प्रशासन ने दी चेतावनी
मीथेन गैस से आग लगने की आशंका
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कचरे से निकलने वाली मीथेन गैस के कारण आग लगी होगी। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा और दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाई गई। आग से आसपास के क्षेत्रों में धुएं और दुर्गंध की समस्या पैदा हुई। यहां रहने वाले लोगों को लंबे समय से प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार आसपास के लोगों के स्वास्थ्य की जांच के लिए डॉक्टरों की टीम भी पहुंची थी।
पीपीपी मोड पर संचालित है प्लास्टिक प्लांट
आदमपुर वेस्ट प्रोसेसिंग साइट पर प्रतिदिन पांच टन क्षमता वाले प्लास्टिक प्लांट के संचालन और निपटारे की जिम्मेदारी नगर निगम ने पीपीपी मोड पर टेराफॉर्म संस्था को दी है। संस्था की ओर से दावा किया गया है कि नगर निगम की आदमपुर वेस्ट प्रोसेसिंग साइट में आगजनी की घटना का प्लांट के कामकाज पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। नगर निगम उपायुक्त भुवन गुप्ता ने बताया कि आग लगने के मामले की जांच कराई जा रही है।