सिवनी जिला मुख्यालय से एक गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक ने कथित तौर पर मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। मृतक युवक की पहचान कपिल भलावी के रूप में हुई है। इस कदम को उठाने से ठीक पहले युवक ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उसने अपनी स्थिति और कुछ लोगों से अपनी जान का खतरा होने की बात कही है। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर कोतवाली थाने पर एकत्रित होकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
घटना से पहले वीडियो में बयां किया दर्द
जानकारी के अनुसार, बीती रात कपिल भलावी ने अपने आवास पर जीवनलीला समाप्त कर ली। सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली, तो परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। घटना से पहले युवक द्वारा रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो चर्चा में है। वीडियो में मृतक काफी परेशान नजर आ रहा है। उसने कहा है कि उसे कुछ लोगों से लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिसके कारण वह भारी मानसिक तनाव में है। उसने वीडियो में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और इन्हीं परिस्थितियों को अपने निर्णय का कारण बताया।
ये भी पढ़ें- शव के साथ कृत्य पर भड़के अघोर अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बोले- सनातन-अघोर परंपरा में नहीं इसका विधान
विवाद और परिजनों के आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि कपिल ने कुछ समय पहले एक युवती से विवाह किया था। परिजनों के अनुसार, बाद में वह युवती उसे छोड़कर चली गई और उसने अन्यत्र विवाह कर लिया। इसके बाद से ही युवती के पक्ष के लोग कथित तौर पर कपिल को प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का दावा है कि इसी निरंतर प्रताड़ना और धमकियों के दबाव में आकर कपिल ने यह कठोर कदम उठाया।
पुलिस जांच और कार्रवाई का आश्वासन
शव के पोस्टमार्टम के उपरांत, न्याय की मांग को लेकर मृतक के परिजन कोतवाली थाना पहुंचे। परिजनों की मांग है कि वायरल वीडियो और उसमें लिए गए नामों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है और कॉल रिकॉर्ड्स व अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।