{"_id":"6af2eff7b0741a38500f9bb9","slug":"video-sukh-ashray-scheme-sanjay-self-employment-una-himachal-2026-11-10","type":"video","status":"publish","title_hn":"ऊना: सुख-आश्रय योजना से संजय को मिला आत्मनिर्भरता का सहारा, दो लाख की मदद से शुरू किया कारोबार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऊना: सुख-आश्रय योजना से संजय को मिला आत्मनिर्भरता का सहारा, दो लाख की मदद से शुरू किया कारोबार
Ankesh Dogra
Updated Tue, 10 Nov 2026 03:50 PM IST
Link Copied
कठिन पारिवारिक परिस्थितियों का सामना करने के बाद अपने पैरों पर खड़े होने का सपना देखने वाले ऊना जिले के संजय भरवाल के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना सहारा बनी है। अंब उपमंडल के चुरूड़ू निवासी 27 वर्षीय संजय ने योजना के तहत मिली दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता से कार धुलाई केंद्र शुरू किया। कारोबार से हुई बचत का निवेश कर उन्होंने ऑटो इलेक्ट्रिशियन का काम भी शुरू कर दिया। अब दोनों कामों से उन्हें हर महीने 20 से 25 हजार रुपये तक आमदनी हो रही है।
संजय ने अपने साथ एक अन्य युवक को भी काम पर रखा है और उसे काम सिखा रहे हैं। इस तरह वह खुद आत्मनिर्भर बनने के साथ दूसरे युवक को भी रोजगार और हुनर सीखने का अवसर दे रहे हैं।
संजय जब महज चार साल के थे, तब उनके पिता का निधन हो गया था। उनके पिता वाहन चालक थे। इसके बाद मां ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली। वह आंगनवाड़ी में काम करने के साथ दिहाड़ी मजदूरी भी करती थीं और कठिन परिस्थितियों में संजय तथा उनकी बहन का पालन-पोषण किया।
संजय दसवीं पास हैं, जबकि उनकी बहन ने बीए की पढ़ाई की है। बाद में उनकी मां लकवे से ग्रस्त हो गईं और उन्हें काम छोड़ना पड़ा। करीब तीन साल तक बिस्तर पर रहने के बाद वर्ष 2023 में उनका भी निधन हो गया। मां के निधन से पहले बहन की शादी हो चुकी थी। इसके बाद बहन और जीजा ने संजय की जिम्मेदारी संभाली।
परिवार का सहयोग मिलने के बावजूद संजय चाहते थे कि वह अपने पैरों पर खड़े हों और बहन-जीजा पर अतिरिक्त जिम्मेदारी न बने। इसी दौरान उनकी मां के साथ पहले आंगनवाड़ी में काम कर चुकी एक महिला ने उन्हें मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के बारे में जानकारी दी।
संजय ने कार धुलाई केंद्र शुरू करने के लिए योजना के तहत आवेदन किया। उन्हें पहली किस्त में 1 लाख 40 हजार रुपये और दूसरी किस्त में 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली। इस तरह कुल दो लाख रुपये की मदद से उन्होंने अपना कारोबार शुरू किया।
संजय के अनुसार कारों की धुलाई से उन्हें हर महीने 12 से 15 हजार रुपये की आमदनी हो रही है। कारोबार से हुई बचत को उन्होंने आगे निवेश किया और ऑटो इलेक्ट्रिशियन का काम भी शुरू कर दिया।
संजय बताते हैं कि ऑटो इलेक्ट्रिशियन के काम से उन्हें हर महीने 10 से 12 हजार रुपये की अतिरिक्त आमदनी हो रही है। इस तरह दोनों कामों से उनकी कुल मासिक कमाई 20 से 25 हजार रुपये तक पहुंच गई है। सभी खर्च निकालने के बाद वह करीब 10 हजार रुपये हर महीने बचा रहे हैं।
संजय ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार का आभार जताते हुए कहा कि सुख-आश्रय योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दिया। उनके लिए यह मदद केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपने भविष्य को खुद संवारने का संबल बनी है।
मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना विशेष देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता वाले पात्र बच्चों एवं युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता के साथ स्वरोजगार शुरू करने के लिए दो लाख रुपये की एकमुश्त सहायता देने का प्रावधान है। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों को विवाह सहायता सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाती हैं।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार जिला प्रशासन योजना का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा योजना के लाभ से वंचित न रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।