{"_id":"6a9fa6f125062c37820388ee","slug":"video-parwanoo-basic-facilities-before-helipad-rajiv-saizal-2026-09-08","type":"video","status":"publish","title_hn":"सोलन: पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल बोले- हेलीपैड से पहले परवाणू को दें बुनियादी सुविधाएं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सोलन: पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल बोले- हेलीपैड से पहले परवाणू को दें बुनियादी सुविधाएं
Ankesh Dogra
Updated Tue, 08 Sep 2026 11:40 AM IST
Link Copied
भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति से परवाणू में हुए नुकसान को लेकर भाजपा ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल की अध्यक्षता में भाजपा परवाणू मंडल के पदाधिकारी नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और एसडीएम कसौली कैप्टन महेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू करवाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में भाजपा ने परवाणू के विभिन्न सेक्टरों में बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। पार्टी के अनुसार सेक्टर-5 की मुख्य पुलिया बह गई है, जबकि सेक्टर-4 में रिटेनिंग वॉल धंसने से स्थिति खराब हुई है। वहीं, सेक्टर-2 के सुखना नाले में फ्लैश फ्लड आने और सेक्टर-3 व 6 को जोड़ने वाली पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं।
भाजपा ने प्राकृतिक नालों और खड्डों पर कथित अवैध कब्जों की जांच करवाने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की है। पार्टी का कहना है कि बारिश के दौरान पानी के प्राकृतिक बहाव में बाधा बनने वाले कब्जों की जांच जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।
डॉ. राजीव सैजल ने आरोप लगाया कि परवाणू की पेयजल आपूर्ति करीब नौ दिन से बाधित है। लोगों को टैंकरों के माध्यम से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि टैंकरों से पानी उपलब्ध करवाने के लिए लोगों से कथित तौर पर अधिक राशि वसूली जा रही है।
भाजपा ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने और पानी के टैंकरों की दरों की जांच करवाने की मांग की है। पार्टी ने सीवरेज व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी जल्द बहाल करने की मांग उठाई।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायक क्षेत्र में हेलीपैड बनाने की बात कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों को अभी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
सैजल ने कहा कि भारी बारिश और बाढ़ से परवाणू में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से अभी तक कोई राहत पैकेज घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने प्रभावित लोगों को जल्द राहत देने और क्षतिग्रस्त ढांचे का पुनर्निर्माण शुरू करवाने की मांग की।
भाजपा ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी कार्यों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का कहना है कि लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सड़क, पुलिया, पेयजल और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।