{"_id":"6aacdbc752a615cd9303fd8d","slug":"video-jwalamukhi-temple-rajasthan-youth-self-immolation-death-tanda-medical-college-2026-09-18","type":"video","status":"publish","title_hn":"ज्वालामुखी मंदिर में खुद को आग लगाने वाले राजस्थान के युवक की टांडा में मौत, 60 फीसदी झुलसा था","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ज्वालामुखी मंदिर में खुद को आग लगाने वाले राजस्थान के युवक की टांडा में मौत, 60 फीसदी झुलसा था
शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर परिसर में गुरुवार देर शाम खुद को आग लगाने वाले राजस्थान निवासी 36 वर्षीय युवक रामदास की शुक्रवार सुबह टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में युवक करीब 60 फीसदी झुलस गया था। गंभीर हालत में उसे पहले ज्वालामुखी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की देर शाम युवक ने मंदिर परिसर में खुद को आग लगा ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। एंबुलेंस कर्मचारियों के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय युवक होश में था। उसने अपनी पहचान रामदास के रूप में बताई और बताया कि वह अकेला ही मंदिर में दर्शन करने आया था। हालांकि, घर का पूरा पता बताते समय उसकी जीभ लड़खड़ा रही थी। ज्वालामुखी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। एसपी संदीप धवल ने दी जानकारी एसपी पुलिस जिला देहरा संदीप धवल ने बताया कि ज्वालामुखी मंदिर परिसर में एक व्यक्ति द्वारा खुद को आग लगाने की घटना सामने आई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। एसपी ने बताया कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क किया है। उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार मृतक की पहचान रामदास निवासी झालावाड़, राजस्थान के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना के बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक ने किस तरह आग लगाई और घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। इसके साथ ही घटना के कारणों की भी जांच जारी है। कुछ माह पहले भी सामने आई थी घटना बताते चलें कि कुछ माह पहले ज्वालामुखी मंदिर मार्ग पर स्थित एक मंदिर में एक युवक द्वारा खुद को घायल करने की घटना सामने आई थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। अब मंदिर परिसर में युवक द्वारा खुद को आग लगाने और बाद में उसकी मौत होने की घटना सामने आई है। पुलिस मौजूदा मामले में सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है। मंदिर अधिकारी ने सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश घटना के बाद मंदिर अधिकारी अजय मंड्याल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया और सभी सुरक्षा कर्मियों को लाइन हाजिर किया। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के बैग की जांच करना हर स्थिति में संभव नहीं है, लेकिन कोई व्यक्ति संदिग्ध गतिविधि करता दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को ऐसे लोगों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की निगरानी करने वाले कर्मचारियों को भी सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से सतर्क रहने को कहा गया है, ताकि मंदिर परिसर में भविष्य में ऐसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।