{"_id":"6aa67bc20df0eed4a206147d","slug":"video-shri-naina-devi-temple-sunday-devotees-boost-market-business-2026-09-13","type":"video","status":"publish","title_hn":"बिलासपुर: श्रद्धालु पहुंचे तो श्री नयना देवी जी के बाजार में रौनक, नहीं तो कारोबार सुस्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिलासपुर: श्रद्धालु पहुंचे तो श्री नयना देवी जी के बाजार में रौनक, नहीं तो कारोबार सुस्त
Ankesh Dogra
Updated Sun, 13 Sep 2026 04:02 PM IST
Link Copied
श्रावण अष्टमी मेलों के बाद श्री नयना देवी जी में धार्मिक पर्यटन से जुड़ा कारोबार श्रद्धालुओं की आवक पर निर्भर हो गया है। सप्ताह के अन्य दिनों में अपेक्षाकृत कम श्रद्धालु पहुंचने से मंदिर के आसपास के बाजारों में कारोबार सुस्त रहता है। वहीं रविवार और अन्य छुट्टियों के दिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से दुकानदारों, ढाबा संचालकों, प्रसाद विक्रेताओं और अन्य कारोबारियों के चेहरे खिल उठते हैं।
रविवार को श्री नयना देवी जी मंदिर में करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। सुबह से ही पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दोपहर की आरती के बाद मंदिर में भीड़ और बढ़ गई। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार फ्लाईओवर तक पहुंच गई। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश करवाया गया।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के बाजार पर भी दिखाई दिया। प्रसाद, माता की चुनरी, धार्मिक सामग्री और खाने-पीने की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। दुकानदारों के अनुसार सामान्य दिनों में उनका कारोबार काफी हद तक श्रद्धालुओं की संख्या पर निर्भर करता है। रविवार को अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक लोग पहुंचते हैं, जिससे बिक्री में भी बढ़ोतरी हो जाती है।
स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि श्रावण अष्टमी मेलों के दौरान दोनों धार्मिक स्थलों में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। मेले समाप्त होने के बाद सामान्य दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या काफी कम हो जाती है। सोमवार से शनिवार तक स्थानीय लोगों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रहती है। ऐसे में मंदिर के आसपास कारोबार करने वाले दुकानदारों को रविवार और अन्य छुट्टियों का इंतजार रहता है।
मंदिर के प्रवेश और निकासी द्वार पर पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं की ओर से श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था भी की गई थी। लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं ने पानी पीकर राहत महसूस की। भीड़ के बावजूद मंदिर परिसर में दिनभर व्यवस्था बनाए रखने पर ध्यान दिया गया।
पंजाब से पहुंचे श्रद्धालु मिथुन जैन ने बताया कि रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। भीड़ के बावजूद दर्शन की व्यवस्था ठीक रही। मंदिर के पुजारी लकी शर्मा ने बताया कि रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर में व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।