{"_id":"6af846c0ef21fe806a0dc29e","slug":"video-if-the-youth-unite-they-have-the-power-to-make-the-government-bow-karan-chautala-2026-11-14-1794655936","type":"video","status":"publish","title_hn":"युवा एकजुट हुए तो सरकार को झुकाने की ताकत रखते हैं : कर्ण चौटाला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
युवा एकजुट हुए तो सरकार को झुकाने की ताकत रखते हैं : कर्ण चौटाला
रोहतक। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ओर से शनिवार को सेक्टर-1 स्थित नूर गार्डन में जिला स्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। देवीलाल पार्क के सामने आयोजित सम्मेलन में इनेलो के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्ण चौटाला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में जिलेभर से पहुंचे युवा कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को गांव और वार्ड स्तर तक मजबूत करने और सदस्यता अभियान को लेकर चर्चा की गई।
कर्ण चौटाला ने कहा कि पिछले छह महीने में देश और प्रदेश में युवाओं की एकजुटता ने अपनी ताकत दिखाई है। युवा बिना किसी एक नेतृत्व या राजनीतिक दल के एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें तो सरकार को भी झुकने पर मजबूर कर सकते हैं। युवाओं को आपसी मतभेद भुलाकर भाईचारे और देश के भविष्य के लिए एकजुट होना होगा।
15 नवंबर तक चलेगा सदस्यता अभियान
कर्ण चौटाला ने बताया कि पार्टी का सदस्यता अभियान 15 नवंबर तक चलेगा। हल्का स्तर पर कार्यकारिणी का गठन हो चुका है। अब संगठन को गांव और वार्ड स्तर तक मजबूत किया जाएगा। अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
हुड्डा के कटाक्ष पर बोले, जनता करेगी फैसला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इनेलो पर कटाक्ष संबंधी सवाल पर कर्ण चौटाला ने कहा कि वे किसी पर टिप्पणी नहीं करते, बल्कि अपने काम पर विश्वास रखते हैं। जनता ही फैसला करेगी कि कौन कितने पानी में है।
वोट चोरी पर आमने-सामने बहस की चुनौती
वोट चोरी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस मामले में लगातार आवाज उठाई जा रही है, लेकिन सरकार दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं को आमने-सामने मंच पर बहस करने की चुनौती देते हुए कहा कि इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि वोट चोरी हुई है और पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठा रही है।
पुलिस भर्ती में देरी पर सरकार से मांगा जवाब
रोजगार के मुद्दे पर कर्ण चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक साल पहले रोहतक में पुलिस भर्ती की घोषणा की थी। करीब पांच लाख युवाओं ने आवेदन किया, लेकिन अब तक भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। उन्होंने आशंका जताई कि देरी के कारण कोई मामला अदालत में पहुंचा तो भर्ती प्रक्रिया अटक सकती है। बेरोजगारी भत्ते के वादे पर भी उन्होंने सरकार से सवाल किया कि कितने युवाओं को इसका लाभ मिला है।
गन्ने के भाव और धान के भुगतान पर उठाए सवाल
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इनेलो पेंशन बढ़ाने की मांग कर रही है। गन्ने के दाम में 15 रुपये की बढ़ोतरी को नाकाफी बताते हुए उन्होंने कहा कि किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग कर रहे हैं। धान के समर्थन मूल्य को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि किसानों को खर्ची-पर्ची में कम भाव मिल रहा है, जबकि खाते में पूरा समर्थन मूल्य आने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।