{"_id":"6a8c211a05cc73fbe5008a2d","slug":"video-panchayat-samiti-chairman-attacks-mla-at-public-grievance-committee-meeting-2026-08-24","type":"video","status":"publish","title_hn":"जनपरिवेदना समिति की बैठक में पंचायत समिति चेयरमैन का विधायक पर हमला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जनपरिवेदना समिति की बैठक में पंचायत समिति चेयरमैन का विधायक पर हमला
नारनौल। जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति की सोमवार को आयोजित बैठक उस समय राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का अखाड़ा बन गई, जब डोहर कलां निवासी प्रवीण कुमार की शिकायत पर सुनवाई के दौरान नारनौल पंचायत समिति के चेयरमैन पंकज यादव ने विधायक ओमप्रकाश यादव पर राजनीति करने का आरोप लगा दिया।
शिकायतकर्ता ने टीन शेड और साइन बोर्ड के काम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पंचायत समिति चेयरमैन, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी पर कथित गबन के आरोप लगाए थे।
सुनवाई के दौरान पंकज यादव ने कहा, "विधायक जी, कुछ करना है तो मेरे साथ कर लो। इस तरह की छोटी राजनीति मत करो। आप तो छोटी राजनीति पर आ गए। यह नारनौल-नांगल चौधरी के बीच राजनीति हो रही है।" उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की राजनीतिक लड़ाई है तो सीधे उनसे की जाए और लोगों को आगे करके इस तरह की राजनीति नहीं की जानी चाहिए।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि टीन शेड और साइन बोर्ड के निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुसार सामग्री नहीं लगाई गई तथा कम वजन के टीन शेड लगाए गए। मामले को जिला परिवेदना समिति की बैठक में रखा गया। शिकायतकर्ता की मांग पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने मामले की विजिलेंस से जांच कराने की बात कही।
पंकज यादव ने शिकायत के तथ्यों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शिकायत में पांच पंचायतों का नाम दिया गया है, जबकि संबंधित टेंडर केवल एक पंचायत में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की किसी भी अधिकारी या स्वतंत्र टीम से निष्पक्ष जांच कराई जा सकती है और उन्हें जांच से कोई आपत्ति नहीं है। यदि जांच में गड़बड़ी सामने आती है तो कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन बिना तथ्यों के मामले को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है।
चेयरमैन ने शिकायतकर्ता की भूमिका और गतिविधियों की जांच कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि यह भी देखा जाना चाहिए कि शिकायतकर्ता क्या काम करता है और नारनौल बस स्टैंड के पास उसकी क्या गतिविधियां हैं। पंकज यादव ने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता को पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश यादव का संरक्षण प्राप्त है।
आठ शिकायतों का मौके पर निपटारा:
बैठक की अध्यक्षता कर रहे कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के समक्ष कुल 10 जनसमस्याएं एवं शिकायतें रखी गईं। इनमें तीन पुरानी और सात नई शिकायतें शामिल थीं। मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आठ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि दो मामलों को अगली बैठक तक लंबित रखा गया।
पटवारियों की हड़ताल जल्द खत्म होने की मंत्री ने कही बात:
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री विपुल गोयल ने पटवारियों की जारी हड़ताल के सवाल पर कहा कि सरकार इस मामले का समाधान निकालने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने जल्द ही हड़ताल खत्म होने की उम्मीद जताई और कहा कि स्थिति सामान्य हो जाएगी।
सफाई कर्मचारियों की 12 मांगों पर बनी सहमति:
सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर मंत्री ने कहा कि उनकी 13 में से 12 मांगों पर सरकार की सहमति बन चुकी है। शेष मांगों में तकनीकी और कानूनी अड़चनें हैं। इन पर उच्च न्यायालय के आदेशों तथा एडवोकेट जनरल और कानूनी सलाहकार की राय के आधार पर निर्णय लिया जा रहा है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की।
पंप सेट खरीद मामले में होगी जांच:
नगर परिषद की ओर से जलभराव से निपटने के लिए खरीदे गए पंप सेट में पुराने टेंडर के सामान के इस्तेमाल के सवाल पर मंत्री ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में अब आया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही। बता दें कि अभी हाल ही में नगर परिषद नारनौल में 5 पंप सैट मंगवाएं गए थे। जिसमें पुराने पंपसैट लाने का पार्षदों ने आरोप लगाया था। इसको लेकर कुछ पार्षदों ने चेयरमैन को भी ज्ञापन दिया था।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।