Hindi News
›
Video
›
Haryana
›
Hisar News
›
Hansi: Jassi Petwar launches a scathing attack on the government, stating that the debt has risen from ₹70,000 crore to ₹5.56 lakh crore over 12 years.
{"_id":"6a9945691c457dc6ad02eb82","slug":"video-hansi-jassi-petwar-launches-a-scathing-attack-on-the-government-stating-that-the-debt-has-risen-from-rs70000-crore-to-rs556-lakh-crore-over-12-years-2026-09-03","type":"video","status":"publish","title_hn":"हांसी: जस्सी पेटवाड़ का सरकार पर बड़ा हमला, बोले- 12 साल में 70 हजार करोड़ से 5.56 लाख करोड़ पहुंचा कर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हांसी: जस्सी पेटवाड़ का सरकार पर बड़ा हमला, बोले- 12 साल में 70 हजार करोड़ से 5.56 लाख करोड़ पहुंचा कर्ज
हांसी। नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ ने मानसून सत्र का लेखा-जोखा रखते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने रोजगार, सफाई कर्मचारियों, गेस्ट टीचरों, खिलाड़ियों और प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि माइक बंद करने से विपक्ष की आवाज नहीं दबेगी।
जस्सी पेटवाड़ ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी करारा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अपराध लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार अपराध पर नियंत्रण करने में नाकाम नजर आ रही है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री पंजाब जाकर नशा मुक्त और अपराध मुक्त पंजाब बनाने की बातें कर रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, बिना पानी पिए झूठ की रेल चला सकते हैं तो वह हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी हैं। झूठ बोलने में उन्होंने इतिहास बनाया है।
विधायक ने मुख्यमंत्री के पंजाब दौरों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें लगा था कि मुख्यमंत्री विधानसभा स्तर पर भी उपलब्ध नहीं होंगे, ऐसे में विधायक अपने सवाल किसके सामने रखेंगे। हालांकि, उन्होंने विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री की मौजूदगी के लिए उनका धन्यवाद भी किया। जस्सी पेटवाड़ ने कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा की बजाय पंजाब की तरफ ज्यादा ध्यान दे रहे हैं और ऐसा लगता है कि उन्होंने हरियाणा को छोड़ दिया है।
विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि 1966 से 2014 तक करीब 48 वर्षों में हरियाणा पर लगभग 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो पिछले 12 वर्षों में बढ़कर 5 लाख 56 हजार 623 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि करीब 4.86 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज आखिर कहां खर्च किया गया।
हांसी में सरकारी स्कूलों में बाहरी निजी स्कूलों की एंट्री पर रोक के मुद्दे पर विधायक जस्सी पेटवाड़ ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह तानाशाही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकारी स्कूल अच्छे हैं तो सरकार उन्हें बेहतर बनाकर जनता को दिखाए। उन्होंने कहा, प्रतिबंध लगाना गलत है। मैं खुद सरकारी स्कूलों का दौरा करूंगा। जो करना है सरकार कर ले। विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की स्थिति और सुविधाओं को लेकर सरकार को पारदर्शिता रखनी चाहिए। किसी भी स्कूल की कमियों को छिपाने के बजाय उन्हें दूर करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
विधायक जस्सी पेटवाड़ ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने 1.24 लाख कच्चे कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देने का दावा किया था, लेकिन दूसरी ओर विभिन्न विभागों से कर्मचारियों को बाहर किया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने के बजाय नौकरी जाने का डर पैदा किया जा रहा है। उन्होंने सरकार के बिना पर्ची-बिना खर्ची’ के दावे पर भी सवाल उठाए और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मामलों का जिक्र करते हुए सरकार से जवाब मांगा।
विधायक जस्सी पेटवाड़ ने सफाई कर्मचारियों और गेस्ट टीचरों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं तो उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है। खिलाड़ियों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि हरियाणा ने देश को बड़ी संख्या में पदक विजेता खिलाड़ी दिए हैं, लेकिन प्रदेश को अपेक्षित खेल बजट नहीं मिल रहा। उन्होंने 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के संभावित ओलंपिक की मेजबानी का मुद्दा भी उठाया।
विधायक जस्सी पेटवाड़ ने आरोप लगाया कि विपक्षी विधायकों के क्षेत्रीय विकास फंड रोकने से उनके क्षेत्रों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सदन में विपक्ष के माइक बंद किए जाते हैं और बाहर प्रदर्शन करने पर रास्ता रोका जाता है। उन्होंने कहा, सरकार चाहे कितना भी दबाव बनाए, विपक्ष सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज उठाता रहेगा और सरकार से उसके कार्यकाल का हिसाब मांगता रहेगा।
नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ ने पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु पर तीखा जुबानी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कैप्टन अभिमन्यु का जनता से कोई सरोकार नहीं है और वह कभी-कभार ही जनता के बीच नजर आते हैं। जस्सी पेटवाड़ ने तंज कसते हुए कहा कि 72 हजार वोट लूटकर ले जाने के बाद जनता को संभालने के लिए नहीं आए। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों से दूरी बनाने वाले नेताओं को जनता सबक सिखाती है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।