{"_id":"6af6bd44e78d2fe7a502ca4f","slug":"video-murder-of-laborer-faheem-in-sirsaganj-solved-accused-aamir-arrested-following-an-encounter-2026-11-13","type":"video","status":"publish","title_hn":"VIDEO: सिरसागंज में पल्लेदार फहीम की हत्या का खुलासा, मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ हत्यारोपी आमिर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
VIDEO: सिरसागंज में पल्लेदार फहीम की हत्या का खुलासा, मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ हत्यारोपी आमिर
फिरोजाबाद। थाना सिरसागंज क्षेत्र के नेशनल हाईवे के पास 10 नवंबर की शाम मिले बरेली के पल्लेदार फहीम अहमद के क्षत-विक्षत शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि युवक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि दूसरे कोल्ड स्टोरेज पर काम करने वाले एक अन्य पल्लेदार ने ही प्रेम प्रसंग और शक के चलते की थी। बृहस्पतिवार रात पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि 10 नवंबर को थाना सिरसागंज क्षेत्र में राधे मोड़ के पास हाईवे किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला था, जिसकी शिनाख्त बाद में बरेली के शीशगढ़ (बिलासपुर बस अड्डा) निवासी फहीम अहमद (35) पुत्र बाबू के रूप में हुई थी। इस घटना के संबंध में थाना सिरसागंज पर मृतक के बहनोई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया था। बृहस्पतिवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्यारोपी आमिर उर्फ सलमान खान पुत्र असमुद्दीन खान निवासी अहमदपुर, थाना सिरसागंज, अहमदपुर बंबा के पास से कहीं जा रहा है। सूचना मिलते ही सतर्क हुई पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया। घेराबंदी देख अभियुक्त ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, एक सूजा, रक्तसने कपड़े, मृतक का क्षतिग्रस्त मोबाइल, पर्स तथा एक 315 बोर का तमंचा, 2 खोखा व 1 कारतूस बरामद हुआ है।
शराब पिलाकर उतारा मौत के घाट, सीसीटीवी फुटेज ने खोली साजिश की परतें
पल्लेदार फहीम अहमद की हत्या की परतें खुलीं तो पुलिस भी सन्न रह गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी आमिर उर्फ सलमान खान ने जो खुलासे किए, उससे साफ हो गया कि उसने पूरी योजना के तहत फहीम को मौत के घाट उतारा था।
फहीम सिरसागंज में आरपी कोल्ड स्टोर पर रहकर पल्लेदारी करता था। वह 8 नवंबर से अचानक लापता हो गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आमिर उर्फ सलमान 8 नवंबर को साजिश के तहत फहीम को कोल्ड स्टोर से अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया था। करहल तिराहा पर जाकर दोनों ने शराब खरीदी थी, और इस दौरान वहां के सीसीटीवी कैमरों में दोनों कैद हुए थे। इसके अलावा, जब आमिर अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने गया था, तब भी फहीम उसके साथ बाइक पर मौजूद था।
इसके बाद दोनों राधे मोड़ पर पहुंचे और वहां से करीब 200 मीटर दूर हाईवे किनारे बैठकर दोनों ने शराब पी। शराब पीने के दौरान ही दोनों के बीच नैना नाम की महिला को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो खूनी संघर्ष में बदल गई। गुस्से में आमिर ने अपने पास रखे सूजे को फहीम की आंख में घोंप दिया और फिर लात-घूंसों से बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
तीन बच्चों की मां है नैना, आरोपी को था शक
पूछताछ में आरोपी आमिर ने पुलिस को बताया कि नैना तीन बच्चों की मां है, जबकि फहीम अविवाहित था। करीब एक वर्ष पहले नैना और फहीम आरपी कोल्ड स्टोर पर एक साथ काम करते थे, जिसके बाद नैना ने वहां काम छोड़कर पास ही के जगदंबा कोल्ड स्टोर पर काम करना शुरू कर दिया था। आरोपी आमिर के भी तीन बच्चे हैं, लेकिन उसे इस बात का शक था कि फहीम और नैना के बीच अब भी संबंध हैं। इसी शक और ईर्ष्या के चलते उसने फहीम को शराब पार्टी के बहाने बुलाया और इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दे डाला।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।