{"_id":"6afa7e6baab1a2833c0d01dd","slug":"video-chhath-mahaparva-concludes-with-offering-of-arghya-to-rising-sun-in-rupaidiha-bahraich-2026-11-16","type":"video","status":"publish","title_hn":"रुपईडीहा में उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ महापर्व का समापन, हनुमान सरोवर पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रुपईडीहा में उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ महापर्व का समापन, हनुमान सरोवर पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
बहराइच के रुपईडीहा क्षेत्र में लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा का सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में समापन हो गया। रुपईडीहा स्थित ऐतिहासिक हनुमान सरोवर के तट पर छठ महापर्व के अंतिम दिन भोर से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पारंपरिक वेशभूषा में सजी सैकड़ों व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्यता की कामना की।
सुबह से ही हनुमान सरोवर पर छठी मइया के गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। व्रती महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के साथ पूजन सामग्री से सजे डाले लेकर घाट पर पहुंचीं। डालों में मौसमी फल, गन्ना, बिजौरा नींबू, मूली, शलजम, अदरक, ठेकुआ, गुलगुले, पूड़ी, गुड़ और विभिन्न प्रकार के प्रसाद सजाए गए थे। सूर्योदय होते ही महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और छठी मइया की पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर महापर्व का समापन किया।
इससे पूर्व रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भी हनुमान सरोवर पर हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा था। छठ महोत्सव के दौरान भारत और नेपाल दोनों देशों के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में पहुंचे राष्ट्रीय हिंदू वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शुक्ला ने छठ पूजा समिति के अध्यक्ष नरेंद्र मदेशिया, कोषाध्यक्ष रिंकू अवस्थी , सनी सिंह , कमल मदेशिया सहित आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पावन पर्व पर हजारों की संख्या में मातृशक्ति का एकत्र होना हमारी सांस्कृतिक परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है।सभी व्रती महिलाओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नवाबगंज जय प्रकाश सिंह, अजय मिश्रा, देवेंद्र पाठक, सभासद राजकुमार गुप्ता, रतन अग्रवाल, पार्वती देवी, कालीप्रसाद गुप्ता, एस पी सिंह,अनिल अग्रवाल, विजय मित्तल, सनत कुमार शर्मा, राजू अग्रवाल, बलराम शुक्ला, राजू सिंह, बलराम मिश्रा एवं देवी प्रसाद मदेशिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अन्य वक्ताओं ने भी छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
छठ महापर्व के सफल आयोजन ने एक बार फिर रुपईडीहा में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और भारत-नेपाल की सांस्कृतिक एकता की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।