{"_id":"6977350b88873936ab0ee9d4","slug":"agra-lover-kills-hr-in-office-cuts-off-head-keeps-it-in-his-bag-and-2026-01-26","type":"video","status":"publish","title_hn":"Agra: ऑफिस में प्रेमी ने की HR की हत्या, सिर काट अपने बैग में रखा और..","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Agra: ऑफिस में प्रेमी ने की HR की हत्या, सिर काट अपने बैग में रखा और..
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। आगरा के थाना एत्माद्दौला स्थित जवाहर पुल पर 23 जनवरी की रात एक बजे युवती का सिर कटा शव बोरे में बंद मिला था। उसकी शिनाख्त पार्वती विहार, टेढ़ी बगिया की मिंकी शर्मा (25) के रूप में हुई।
वह संजय प्लेस के मारुति प्लाजा की छठवीं मंजिल पर स्थित प्राइवेट कंपनी में एचआर मैनेजर थीं। प्रेमी को गिरफ्तार कर पुलिस ने 24 घंटे में हत्याकांड का खुलासा किया। हत्या त्रिकोणीय प्रेम के शक में की गई थी।
पुलिस ने बताया कि कंपनी के ही ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी कंप्यूटर ऑपरेटर विनय राजपूत ने मिंकी की हत्या कर शव को फेंका था। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, मगर 6 महीने से मिंकी किसी और से भी बात करने लगी थी। यह बात विनय को नागवार लगी।पार्वती विहार निवासी अशोक शर्मा एक कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत हैं। उनकी तीन बेटियों में मिंकी सबसे छोटी थी। दो विवाहित हैं। छोटा भाई दीपक है। वह प्राइवेट जॉब करता है। उसकी 6 फरवरी की शादी है। मिंकी होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने के बाद संजय प्लेस में मारुति प्लाजा की छठवीं मंजिल पर एक कंपनी में एचआर थी। 23 जनवरी की दोपहर 2 बजे वो घर से निकली थीं। उन्होंने परिजन से भाई की शादी का कार्ड कूरियर करने के लिए जाने की बात कही थी। रात आठ बजे तक नहीं आने पर परिजन ने तलाश की। फोन मिलाया, लेकिन वो बंद था। परिजन ऑफिस गए, मगर बंद मिला। रात 10 बजे थाना ट्रांस यमुना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली।उधर, रात करीब 1 बजे लोगों ने जवाहर पुल पर एक बोरा पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोला तो उसमें महिला का सिर कटा शव था। कपड़े भी नहीं पहने थी। पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज से एक युवक स्कूटी पर बोरा लेकर जवाहर पुल की तरफ आता नजर आया। उधर, मृतका के परिजन भी तलाश में लगे थे। गुमशुदगी के आधार पर शनिवार देर रात पहचान होने पर पुलिस मृतका के ऑफिस पहुंच गई। सीसीटीवी फुटेज में विनय राजपूत बोरे को खींचकर ऑफिस से बाहर लेकर जाता नजर आया।
वह मिंकी के ही स्कूटर पर एमजी रोड और हाईवे पर लगे कैमरों में भी नजर आ गया। इससे पुलिस को पूरा अंदाजा हो गया कि हत्या उसी ने की है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि दबिश देकर आरोपी विनय राजपूत को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मिंकी से प्यार करता था।
वह भी उससे शादी करना चाहती थी। दोनों ने अपने परिजन को भी बताया था। मगर छह महीने पहले उसे पता चला कि मिंकी किसी और से भी बात करती है। उससे मिलने भी जाती है। यह बात उसे खराब लगी। उसने मना किया तो दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए। वह उससे रुपये भी लेती थी। शादी भी नहीं करने दे रही थी।पुलिस की पूछताछ में विनय ने बताया कि उसने मिंकी को घटना वाले दिन ऑफिस बुलाया। दोनों के बीच झगड़ा हो गया। वह चाकू लेकर आया था। उसने मिंकी पर ताबड़तोड़ वार किए। गर्दन पर चाकू मारने से खून बहने लगा। वह जमीन पर गिर गई। उसने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
कूड़ा रखने वाली पॉलिथीन में शव को रखा। चाकू से काटकर सिर को धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद प्लास्टिक के बोरे में रख दिया। इसके ऊपर पार्सल पैक करने वाला टेप लपेट दिया। सिर को अपने बैग में रख लिया। मिंकी की ही स्कूटी पर रखकर जवाहर पुल तक आया।
यमुना में फेंकना चाहता था। मगर बोरा उठा नहीं सका। राहगीरों के आने पर बोरा पटककर झरना नाला की तरफ भाग गया। वहां पर सिर, मोबाइल, मिंकी के कपड़ों और बैग को ठिकाने लगा दिया। शाहदरा के पास युवती की स्कूटी को छोड़ दिया। अपने दोस्त को बुलाकर घर चला गया।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।