Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   nagercoil railway yard woman murder gold ring crime story

सोने की रिंग से पकड़ा गया अपराधी: महिला को ट्रेन में बनाया था शिकार, तीन राज्य से जुड़ा मामला; कैसे खुला राज?

Sat, 21 Nov 2026 09:39 PM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई। Published by: राकेश कुमार Updated Sat, 21 Nov 2026 09:39 PM IST
सार

तमिलनाडु के कन्याकुमारी स्थित नागोरकोइल रेलवे यार्ड में 13 नवंबर की रात एक खाली ट्रेन कोच के अंदर 54 वर्षीय महिला की यौन उत्पीड़न के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने महिला की सांप के डिजाइन वाली सोने की अंगूठी के हॉलमार्क के जरिए गुजरात और रायपुर होते हुए मध्य प्रदेश से उसकी पहचान की, जो तीन महीने से लापता थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से रेलवे पुलिस ने प्लेटफॉर्म पर घूमने वाले आरोपी को महज छह घंटे में गिरफ्तार कर लिया और खून से सनी शर्ट बरामद की।
 

विज्ञापन
nagercoil railway yard woman murder gold ring crime story
महिला की हत्या - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

यह कहानी शुरू होती है 13 नवंबर की आधी रात को। तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले का नागोरकोइल रेलवे यार्ड उस वक्त गहरे सन्नाटे में डूबा हुआ था। यार्ड में एक खाली ट्रेन कोच खड़ा था, जिसे किसी दूसरी ट्रेन में जोड़ने के लिए तैयार किया जा रहा था। जब सफाईकर्मी उस डिब्बे की साफ-सफाई करने अंदर दाखिल हुए, तो अंदर का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कोच के अंदर एक 54 वर्षीय महिला की लाश पड़ी थी। साफ था कि उस महिला के साथ पहले दरिंदगी की गई थी और फिर बेरहमी से उसे मौत के घाट उतार दिया गया था।
विज्ञापन


पहचान का संकट: न कोई कागज, न कोई मोबाइल
मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी, आखिर यह महिला है कौन? मृतका के पास न तो कोई पहचान पत्र था, न ही कोई मोबाइल फोन या बैग, जिससे उसके घर का पता चल सके। एक अनजान लाश की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए अंधेरे में तीर चलाने जैसा था। तभी जांच टीम की नजर महिला की उंगली में पहनी एक सोने की अंगूठी पर पड़ी। उस अंगूठी पर सांप जैसी अनोखी आकृति बनी हुई थी। यही मामूली दिखने वाली अंगूठी इस पूरे ब्लाइंड मर्डर केस की सबसे बड़ी चाबी बनने वाली थी।
विज्ञापन


गुजरात से रायपुर और फिर मध्य प्रदेश, तीन राज्यों का सफर
रेलवे एसपी (त्रिची) आदर्श पचेरा की अगुवाई में पुलिस ने इस अंगूठी के हॉलमार्क की बारीकी से जांच शुरू की। हॉलमार्क के कोड ने जांच का रुख सीधा गुजरात की तरफ मोड़ दिया। जब पुलिस ने गुजरात के उस सुनार से संपर्क किया, तो पता चला कि यह खास अंगूठी छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक ज्वेलर को सप्लाई की गई थी। पुलिस की टीम रायपुर के उस रिटेलर तक पहुंची और बिक्री के रिकॉर्ड खंगाले। वहां से जो जानकारी मिली, उसने पूरा केस पलट दिया। गहना खरीदते वक्त ग्राहक ने अपना पैन कार्ड और पता दर्ज कराया था। यह पता मध्य प्रदेश का था। जब पुलिस ने उस पते पर संपर्क किया, तो पता चला कि यह महिला पिछले तीन महीने से अपने घर से लापता थीं। खबर मिलते ही उनके पति और बच्चे कन्याकुमारी के लिए रवाना हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


छह घंटे में सलाखों के पीछे पहुंचा कातिल
एक तरफ जहां अंगूठी ने महिला की पहचान उजागर की, वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने कातिल को पकड़ने के लिए भी पूरी ताकत झोंक दी थी। रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक फुटेज में सफेद कपड़े पहने एक संदिग्ध शख्स उस खाली कोच से बाहर निकलता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने तुरंत प्लेटफॉर्म पर घूमने वाले तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो एक आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच शुरू होने के महज छह घंटे के भीतर पुलिस ने कातिल को दबोच लिया था।

खौफनाक रात की दास्तां
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ही भटकता रहता था और भीख मांगकर गुजारा करता था। वह पहले भी इस महिला से एकाध बार मिल चुका था। 13 नवंबर की रात उसने मौके का फायदा उठाया और महिला को जबरदस्ती यार्ड में खड़े उस सुनसान डिब्बे के अंदर ले गया। वहां उसने महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया। जब महिला ने विरोध किया, तो उसने बिना किसी हथियार के सिर्फ अपने हाथों से बेरहमी से पीटा और उनके सीने पर जोरदार लातें मारीं। शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी पसलियों के टूटने (फ्रैक्चर) की पुष्टि हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपनी खून से सनी शर्ट पास के एक गड्ढे में फेंक दी थी, जिसे पुलिस ने सबूत के तौर पर बरामद कर लिया है।


पुलिस की मुस्तैदी की हर तरफ तारीफ
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को जिस रफ्तार और सूझबूझ से सुलझाया गया, उसकी महकमे में जमकर सराहना हो रही है। तमिलनाडु रेलवे के डीजीपी के. वन्निया पेरुमल ने जांच टीम की पीठ थपथपाते हुए कहा, 'हमारे एसपी आदर्श पचेरा ने खुद नागरकोइल में कैंप किया और बेहतरीन तफ्तीश की। उनकी मेहनत का ही नतीजा है कि संदिग्ध को महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।' फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत की सटीक वजह और दरिंदगी की कानूनी पुष्टि हो सके।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed