सीहोर के खाईखेड़ा से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए एक परिवार की गुत्थी और उलझती जा रही है। करीब 10 दिन से लापता दंपती और उनके बेटे की तलाश में जुटी पुलिस को गांव के पास नाले की झाड़ियों में सुरेश दांगी की मोटरसाइकिल मिली है। बाइक के आसपास दो टिफिन, उनमें रखी फफूंद लगी रोटियां, हंसिया और लोटा भी बरामद हुए हैं। एक ही स्थान पर इन वस्तुओं के मिलने से पुलिस जांच को नया आधार मिला है।
लापता सुरेश की बेटी किरण ने बरामद सामान की पहचान की है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि परिवार यहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी राजेश चंदेल ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने जल्द महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद जताई है।
नाले के पास मिली बाइक, टिफिन में फफूंद लगी थीं रोटियां
ग्राम खाईखेड़ा में मोहन दांगी के खेत के पास नाले के किनारे झाड़ियों में सुरेश दांगी की मोटरसाइकिल मिली है। बाइक लॉक अवस्था में बताई जा रही है। इसके पास ही दो टिफिन मिले, जिनमें रखी रोटियों पर फफूंद जम चुकी थी। इसके अलावा मौके से हंसिया और लोटा भी बरामद हुआ है। एक ही स्थान पर इन वस्तुओं की बरामदगी ने पुलिस जांच को नया मोड़ दे दिया है। टिफिन में रखी रोटियों की स्थिति से अनुमान लगाया जा रहा है कि सामान कुछ समय से वहां पड़ा हो सकता है। हालांकि, यह कितना पुराना है और इन वस्तुओं का लापता परिवार से क्या संबंध है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पढे़ं: दो मासूम बच्चों के साथ मां ने कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत; कोहराम
डीआईजी ने घटनास्थल पहुंचकर परिजनों से की चर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी राजेश चंदेल ने खाईखेड़ा पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने किरण दांगी और उसके परिजनों से करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा की और उनकी बात सुनी। राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व जांच समिति सदस्य एवं सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता प्रिया ठाकुर ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए डीआईजी से मुलाकात की थी। उन्होंने संबंधित दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। प्रिया ठाकुर के अनुसार, डीआईजी ने मामले को गंभीरता से सुना और किरण का पक्ष भी जाना।
फॉरेंसिक टीम ने घर और नाले के पास जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली है। टीम ने पहले लापता परिवार के घर का निरीक्षण किया था। वहां मिले लाल रंग के संदिग्ध निशान का नमूना जांच के लिए लिया गया था। इसके बाद बाइक मिलने वाले स्थान पर भी बारीकी से जांच की गई। टिफिन, रोटियों और अन्य बरामद वस्तुओं को जांच के महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि परिवार के साथ आखिर क्या हुआ था।
मोबाइल की आखिरी लोकेशन ने बढ़ाई जांच की चुनौती
पुलिस की शुरुआती जांच में लापता परिवार के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन विदिशा जिले के बेरसिया क्षेत्र में सामने आने की जानकारी मिली है। ऐसे में पुलिस मोबाइल लोकेशन, आसपास के रास्तों और सीसीटीवी फुटेज को जोड़कर परिवार की आवाजाही का पता लगाने में जुटी है। अहमदपुर थाना पुलिस आसपास के गांवों और संभावित मार्गों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं, साइबर सेल की टीम भी तकनीकी जानकारियां जुटाकर जांच में सहयोग कर रही है।
मामा पर संदेह, पुलिस दोनों पक्षों से कर रही पूछताछ
इस मामले में लापता परिवार की बेटी किरण दांगी ने अपने मामा डालचंद और चंदन सिंह पर वारदात में शामिल होने की आशंका जताई है। दूसरी ओर, संदेह के दायरे में आए डालचंद ने पुलिस को आवेदन देकर खुद को झूठे मामले में फंसाए जाने की आशंका जताई थी। उसने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया था। पुलिस दोनों पक्षों की बात सुनते हुए पूछताछ कर रही है। फिलहाल किसी की भूमिका को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पढे़ं: प्रदूषण नियंत्रण मंडल तक पहुंची 40 विला की खरीद की जांच, एसीबी ने मांगी मंजूरियों की
परिजनों ने 50 हजार, पुलिस ने 30 हजार रुपये का इनाम किया घोषित
लापता सुरेश दांगी, उनकी पत्नी ओमवती और बेटे राजेश की तलाश के लिए अब इनाम की घोषणा भी की गई है। परिजनों ने 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है, जबकि पुलिस प्रशासन की ओर से 30 हजार रुपये तक का इनाम घोषित किया गया है। परिवार के संबंध में पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को निर्धारित पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाने और समाचार पत्रों में इश्तिहार प्रकाशित कराने की तैयारी की जा रही है।
आज शाम या कल तक मिल सकता है अहम सुराग
एएसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि पुलिस की कई टीमें लगातार मामले की जांच कर रही हैं। प्रत्येक संभावित पहलू पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच में सब कुछ अनुकूल रहा तो आज शाम या कल तक कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग सकता है।
एसपी सोनाक्षी सक्सेना, एएसपी प्रशांत चौबे, एसडीओपी प्रेमनारायण गोयल, अहमदपुर थाना प्रभारी बीएल त्यागी और साइबर सेल की टीम परिवार की तलाश में जुटी है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बरामद बाइक और अन्य वस्तुओं की कड़ियां जोड़कर लापता परिवार तक पहुंचना है।