संजय गांधी स्मृति अस्पताल (SGMH) की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने मंगलवार रात करीब 10 बजे अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान इमरजेंसी सहित कई वार्डों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। गंदगी और मरीजों के साथ जरूरत से ज्यादा अटेंडेंट मिलने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि लोगों ने अस्पताल को पिकनिक स्पॉट बना रखा है, ऐसा नहीं चलेगा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को जल्द व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्रशासन और पुलिस के अधिकारी कभी भी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर सकते हैं।
एक मरीज के साथ सिर्फ एक अटेंडेंट रहेगा
कलेक्टर ने प्रभारी डीन डॉ. मनोज इंदुरकर को निर्देश दिए कि अब एक मरीज के साथ केवल एक अटेंडेंट को ही रहने की अनुमति दी जाए। वार्डों में अनधिकृत लोगों की एंट्री रोकने के लिए सुरक्षा अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई। मरीजों से मिलने के लिए समय निर्धारित करने और केवल तय समय के दौरान ही लोगों को वार्ड में प्रवेश देने के निर्देश भी दिए गए।
पढ़ें: बेटे को पीठ पर बांधकर टमस नदी पार कर रही थी मां, गहरे पानी में डूबे दोनों, मासूम की मौत; मां आईसीयू में
इमरजेंसी के बाहर गंदगी पर जताई नाराजगी
कलेक्टर और एसपी ने इमरजेंसी वार्ड सहित कई वार्डों का निरीक्षण कर उपचार और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इमरजेंसी के बाहर साफ-सफाई की स्थिति खराब मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
खुले में मिले पुराने गद्दे, इंचार्ज का 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश
ऑर्थोपेडिक्स वार्ड के निरीक्षण के दौरान पुराने गद्दे खुले में पड़े मिले। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित इंचार्ज का 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन, जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख, एसडीएम डॉ. अनुराग तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा सहित अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।