कीर्तिमान की तैयारी: महाकाल की नगरी में रचा जाएगा नया इतिहास, 17 सितंबर को 25 लाख दीपों से जगमगाएगी अवंतिका
उज्जैन में 17 सितंबर को शाम 7 बजे सेवा से संकल्प अभियान के तहत 25 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव पहला दीप जलाएंगे, जबकि भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन मौजूद रहेंगे। आयोजन में 22,500 वॉलिंटियर्स तैनात होंगे। बारिश की आशंका को देखते हुए प्लान-बी भी तैयार है।
विस्तार
धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी उज्जैन एक बार फिर एक अभूतपूर्व और विश्व कीर्तिमान स्थापित करने वाले ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है। सेवा से संकल्प अभियान के तहत आगामी 17 सितंबर को शाम 7 बजे आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के अंतर्गत मोक्षदायिनी शिप्रा के विभिन्न घाटों और भव्य श्री महाकाल महालोक क्षेत्र में एक साथ 25 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहला दीप प्रज्वलित कर इस भव्य महा-दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
25 लाख दीप प्रज्वलन की ऐसे चल रही तैयारियां
इस मामले में स्मार्ट सिटी की CEO नेहा जैन ने बताया कि आयोजन को भव्य बनाने के लिए 22,500 से अधिक वॉलिंटियर्स तैनात रहेंगे। शहर की कई सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिक इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। पूरे आयोजन क्षेत्र को केदारेश्वर घाट, दत्त अखाड़ा, रामघाट, नरसिंह घाट, भूखी माता से लेकर गऊघाट और महाकाल लोक तक 7 प्रमुख सेक्टरों और 250 सब-सेक्टरों में बांटा गया है। घाटों पर 16x16 के लगभग 11,000 ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक में 225 दीप सजाए जाएंगे। प्रत्येक ब्लॉक पर 2 वॉलिंटियर्स की ड्यूटी रहेगी और सभी सामग्री (दीप, तेल, कपूर, माचिस, चिमटी) समय से वितरित की जाएगी।
ये भी पढ़ें- महाकाल की नगरी में 17 से VIP का महासंगम, मोहन भागवत-नितिन नबीन-अवधेशानंद और मनोज मुंतशिर आएंगे
प्लान ूबी भी तैयार
नेहा जैन ने बताया कि संभावित बारिश को देखते हुए विशेष 'प्लान-बी' तैयार किया गया है। आपात स्थिति के लिए हर सेक्टर में मेडिकल टीमें, एम्बुलेंस और बड़ी स्क्रीनें लगाई जा रही हैं। सुरक्षा के भी चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। दीपोत्सव के दौरान घाटों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा आकाश भव्य आतिशबाजी से जगमगा उठेगा। सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल और महापौर मुकेश टटवाल ने सभी उज्जैनवासियों से अपील की है कि वे 17 सितंबर की शाम अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर भी दीप जलाकर इस महा-उत्सव में भागीदार बनें। आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित प्रशासनिक अमले ने रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट का गहन निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा।

घाटों पर ऐसे हो रही तैयारी

घाटों पर ऐसे हो रही तैयारी
